कोरोना रोगियों के लिए निरंजनी अखाड़े की ओर से निशुल्क एंबुलेंस होगी शुरू

Listen to this article

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने श्री महंत रविंद्रपुरी से मिलकर मांगा सहयोग

कोरोना से जंग में एक बार फिर से मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी आगे आया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज मरीजों की सेवा के लिए दो निशुल्क एंबुलेंस चलाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनसे मिलकर मदद मांगे जाने के बाद उन्होंने यह घोषणा की । एम्बुलेंस चलाए जाने की घोषणा पर मदन कौशिक ने श्रीमहंत रविन्द्रपुरी का आभार प्रकट किया है। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मुलाकात कर उनसे कोरोना से पीड़ित व गरीब लोगों की मदद के लिए सहयोग मांगा। जिसके बाद मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने दो निशुल्क एंबुलेंस निरंजनी अखाड़ा एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की तरफ से चलाने का ऐलान किया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। इस संकट की घड़ी में अखाड़ा हर संभव मदद का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि दो एंबुलेंस लोगों की सेवा के लिए निःशुल्क चलाई जाएंगी। जिसका पूरा खर्च अखाड़ा वहन करेगा। उन्होंने कहा कि इस विकट संकट में अखाड़ा सरकार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस निरंजनी अखाड़ा से चलाई जाएंगी। जिनके नंबर भी जारी किए जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि उन्होंने श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से मुलाकात कर कुछ एंबुलेंस चलाने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के सेवा कार्य बहुत ही सराहनीय व प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष भी लॉकडाउन के दौरान उन्होंने एक लाख लोगों को खाना खिलाया। कहा कि इस योगदान के लिए वह हमेशा उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज को नमन कर आभार प्रकट किया।