उत्तराखंड के 11वे मुख्यमंत्री के तौर पर 11 मंत्रियों के साथ पुष्कर सिंह धामी ने ली शपथ, तीरथ सरकार के सभी मंत्रियों को फिर मिला मौका

Listen to this article

तमाम अटकलों के बीच उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने पद गोपनीयता की शपथ ले ली। रविवार को सायंकाल राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने पुष्कर सिंह धामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। खटीमा विधायक 45 वर्षीय पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बन गए हैं।

मुख्यमंत्री के साथ 11 मंत्रियों ने भी पद गोपनीयता की शपथ ली। 5 बजकर 14 मिनट पर शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने की घोषणा हुई। इसके बाद राज्यपाल पोडियम पर पहुंचीं और उन्होंने पुष्कर सिंह धामी को शपथ दिलाई। शपथग्रहण समारोह के दौरान नारेबाजी का दौर भी खूब चला। मुख्यमंत्री को शपथ दिलाने के बाद राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने पिछली सरकार में शामिल सभी 11 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में सबसे पहला नाम सतपाल सिंह महाराज का रहा। इसके बाद पौड़ी से विधायक हरक सिंह रावत ने शपथ ली। मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले अगले विधायक वंशीधर भगत रहे। वंशीधर भगत पांच बार मंत्री रह चुके हैं और वह छठवीं बार मंत्री बने हैं। इसके बाद यशपाल आर्य मंत्री पद की शपथ लेने पहुंचे। यशपाल पिछली सरकार में परिवहन मंत्री थे। डीडीहाट से विधायक बिशन सिंह को भी राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद सुबोध उनियाल, अरविंद पांडेय, मसूरी से लगातार दूसरी बाद विधायक गणेश जोशी, धनसिंह रावत, रेखा आर्या तथा स्वामी यतीश्वरानंद ने भी मंत्री पद की शपथ ली। खास बात यह रही कि पुष्कर सिंह धामी मंत्रीमण्डल में कोई राज्यमंत्री ने बना,बल्कि सभी ने कैंबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने किया। इस दौरान निवर्तमान मुख्यमंत्री तीरथ ंिसह रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं,कार्यकत्र्ताओं के साथ साथ अधिकारीगण मौजूद रहे।

इससे पहले दिनभर भाजपा विधायकों एवं मंत्री सतपाल महाराज सहित कई अन्य नेताओं के नाराज होने की अटकले लगती रही। सोशल मीडिया पर कई विधायकों के इस्तीफा देने की बात भी लिखी गई। लेकिन सायंकाल शपथ ग्रहण सम्पन्न होने के साथ ही फिलहाल अटकलों पर विराम लग गया। बताया जाता है कि पुष्कर सिंह धामी शनिवार को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले थे। लेकिन उनके नाम घोषणा होने से उत्तराखंड भाजपा के कई नेता असंतुष्ट हो गए थे। इसके चलते रविवार को शपथग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। शपथ ग्रहण समारोह से पहले पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपना ज्यादातर समय अपनी पार्टी के असंतुष्ट नेताओं को मनाने में बिताया। भाजपा सूत्रों के अनुसार, पूर्व मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रह चुके सतपाल महाराज और हरक सिंह रावत जैसे कुछ नेता पार्टी आलाकमान से शनिवार से नाराज हैं। हालांकि बाद में पार्टी की तरफ से दावा किया गया कि कोई भी नेता नाराज नहीं है।

ये है पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के सदस्य
सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत, बंशीधर भगत, यशपाल आर्य, बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, अरविंद पांडेय, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, रेखा आर्य और स्वामी यतीश्वरानंद।