प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल हरिद्वार के व्यापारियों ने किया प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत

Listen to this article

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की हरिद्वार इकाई की और से संगठन के पदाधिकारियों चेयरमैन अनिल गोयल, प्रदेश अध्यक्ष नवीन चंद वर्मा व महामंत्री प्रकाशचंद मिश्रा का फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। हिलबाई पास स्थित होटल में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में व्यापार मंडल की सभी इकाईयों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। इस दौरान व्यापार मंडल के चेयरमैन अनिल गोयल, प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा व महामंत्री प्रकाशचंद मिश्रा ने कहा कि दो वर्ष से मंदी का  धैर्य के साथ सामना करते हुए व्यापारियों ने कोरोना काल में जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान किया और जरूरतमंदों की मदद की। चारधाम यात्रा शुरू होने पर सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने से प्रदेश के व्यापार को गति मिलेगी तथा सरकार को भी राजस्व की प्रगति होगी। व्यापारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखकर समाधान कराया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश जगदग्नि ने कहा कि व्यापारी एकता में ही संगठन की शक्ति होती है। जनपद के सभी व्यापारी प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़ रहे हैं। व्यापारियों की समस्याओं का निदान मिलजुल कर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी सदैव ही शासन प्रशासन का सहयोग करता चला आ रहा है। हाईकोर्ट द्वारा चारधाम यात्रा शुरू करने का फैसला सराहनीय है। जिला अध्यक्ष सुरेश गुलाटी, महामंत्री संजीव नैय्यर, कोषाध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि संगठन को ऊर्जा व्यापारियों की एकता से ही मिलती है। संगठन को नई पहचान दिलाने के लिए सभी मिलजुल कर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के व्यापारियों के हितों में काम किया जा रहा है। किसी भी सूरत में व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान डा.संदीप कपूर, महेंद्र अरोड़ा, अनिल पुरी, प्रवीन कुमार, अमर कुमार, इरफान अंसारी, विपिन शर्मा, दीपक गुप्ता, मनोज गुप्ता, श्याम अदलक्खा, विपिन गुप्ता, धर्मेन्द्र विश्नोई, अरूण अग्रवाल, विक्की शर्मा, नीरज चौहान, मृदुल कौशिक, अनिरूद्ध भाटी, संदीप शर्मा, राजन मेहता आदि सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे।