नेहरू युवा केंद्र की अगुवाई में चलाया गया स्वच्छता अभियान

Listen to this article


हरिद्वार। रविवार को नेहरू युवा केंद्र संगठन की अगुवाई में हर की पैड़ी पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 127 किलो प्लास्टिक को एकत्रित कर उसका सफल निस्तारण किया गया। अभियान की अगुवाई कर रहे संगठन के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण सिंह, राज्य निदेशक उमेश साहनी एवं जिला युवा अधिकारी हिमांशु सिंह कर रहे थे। इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के इस मिशन में आम जनमानस को जोड़कर ही हम गांधी जी के पं.नेहरू एवं स्वामी विवेकानंद के सपनों का भारत बना सकते हैं। राज्य निदेशक उमेश साहनी ने युवा मंडल एनएसएस एवं युवक मंगल दल समेत सभी स्वयं सेवी संस्थाओं देश के नागरिकों पुलिस एवं समाज के विभिन्न तबकों को इस अभियान से जोड़कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान को 31 अक्टूबर के बाद भी चलाते रहें जिससे हरिद्वार को और अधिक स्वच्छ बनाया जा सके। जिला युवा अधिकारी हिमांशु सिंह ने कार्यक्रम में आए हुए सभी का धन्यवाद किया। इस दौरान समाजसेवी एवं पूर्व निदेशक अनिल कौशिक समेत बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक एवं युवा मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।