भाजपा ओबीसी मोर्चा ने की उत्तराखंड में 27 फ़ीसदी आरक्षण की मांग

Listen to this article


हरिद्वार। भाजपा ओबीसी मोर्चा की बैठक में ओबीसी समाज की विभिन्न बिरादरी के लोगों ने उत्तराखंड में अन्य प्रदेशों की भांति आरक्षण 14 से बढ़ाकर 27 फीसदी करने की मांग रखी है। भाजपा ओबीसी मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी ने कहा कि एक समय था जब हरिद्वार जनपद की तीनों सीटों पर ओबीसी समाज का प्रतिनिधि विधायक बनता था। लेकिन ओबीसी समाज के बिखराव और अंतरकलह के कारण आज ओबीसी समाज केवल मतदाता बनकर रह गया है। उन्होंने ओबीसी समाज के समस्त वर्गों से एकजुट होकर भाजपा के लिए कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार 60 के पार का लक्ष्य हमें प्राप्त करना है। इससे पूर्व कार्यक्रम में उनका स्वागत किया गया। संत मंडल आश्रम में आयोजित बैठक में प्रजापति समाज ने आश्रम अध्यक्ष जगदीश मुनि की स्मृति में किसी पार्क, मार्ग या घाट का नाम उनकी स्मृति को चिरस्थाई बनाए रखने की मांग की। लक्सर विधानसभा में चुनाव सह प्रभारी अनीता वर्मा नामदेव ने ओबीसी समाज से एकजुट होकर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने का आग्रह किया। मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप पाल ने कहा कि हमें भाजपा की उपलब्धियों को और विगत 5 वर्षों में किए गए कार्य को आधार बनाकर जनता के बीच जाना है यही हमारी जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा। कार्यक्रम में संत मंडल आश्रम के अध्यक्ष महंत स्वामी राम मुनि ने कहा कि जब तक समाज अपने हक की लड़ाई स्वयं नहीं लड़ेगा तब तक कुछ भी नहीं मिलने वाला है। कार्यक्रम में जिला मंत्री एवं पार्षद लोकेश पाल ने प्रजापति समाज से एक प्रस्ताव बनाकर देने के लिए कहा कि जिसके माध्यम से हरिद्वार नगर निगम के अंतर्गत किसी भी स्थान आचार्य जगदीश मुनि की स्मृति में कोई भी स्थान प्रस्तावित किया जा सके। कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष वात्सल्य पाल, नाथीराम प्रजापति, साधु राम सैनी, सर्वेश्वर प्रजापति, संजय वर्मा नामदेव, साधु राम प्रजापत, मनोज प्रजापति, बलकेश राजोरिया, अंकित प्रजापति, सतीश आर्य, संदीप सिंघानिया, पवन कश्यप, राजीव गिरी आदि शामिल रहे।

सिडकुल पुलिस ने चोरी करने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार


हरिद्वार। सिडकुल में पुलिस ने मकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है। ममता चैहान निवासी शिवम विहार कॉलोनी के मकान में रिपेयरिंग का कार्य चल रहा है। बीते 21 नवंबर की रात को घर में घुसकर चोरों ने बेटरी के साथ ही सबर्सिबल पंप चोरी किए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को पुलिस ने मकान में चोरी करने वाले रूपेश और सिद्धार्थ निवासी हेत्तमपुर थाना सिडकुल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए बैटरी, समर्सिबल पंप बरामद कर लिए हैं। थानाध्यक्ष प्रमोद उनियाल ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।