स्वामी कैलाशानंद गिरि ने श्री राम मंदिर निर्माण के समर्पण निधि में दिया, ₹11 लाख का चेक

Listen to this article

श्री निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए 11लाख रुपए की समर्पण राशि का चेक श्रीराम जन्मभूमि न्यास क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय को प्रदान किया। 3 दिन के हरिद्वार प्रवास के अंतिम दिन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर न्यास के महामंत्री चंपत राय ने निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से दक्षिण काली मठ जाकर मुलाकात की। इस अवसर पर चंपतराय ने निरंजन पीठाधीश्वर को श्री राम मंदिर निर्माण कार्य की जानकारी दी। स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि जिस दिन से राम मंदिर निर्माण को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिली थी। उसी दिन मंदिर निर्माण के लिए छोटे से समर्पण की घोषणा कर दी गई थी। इसके अलावा पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज पूर्व में 21 लाख रुपए की समर्पण राशि मंदिर निर्माण के लिए दे चुके  है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जल्द से जल्द भव्य दिव्य राम मंदिर का निर्माण अयोध्या जी में हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 500 वर्ष के संघर्ष के सुखद परिणाम आए हैं। सदियों के इंतजार के बाद रामलला के मंदिर निर्माण की बारी आई है। मंदिर निर्माण में जन सहभागिता हो तथा यह मंदिर किसी धर्म संप्रदाय समुदाय का ना होकर संपूर्ण राष्ट्र का बने। इसके लिए विश्व हिंदू परिषद द्वारा जो निधि समर्पण अभियान चलाया गया था। वह अति सराहनीय व आत्मीय रहा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए अपेक्षा से बहुत अधिक लोगों ने समर्पण कर भव्य दिव्य मंदिर निर्माण की नींव रखी है। श्री स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए चंपतराय ने कहा कि संतों की भावनाओं के अनुरूप ही श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण चल रहा है। उन्होंने सभी संतो से आग्रह किया कि वे मंदिर निर्माण का कार्य स्वयं देखने आएं और दिव्य भव्य मंदिर निर्माण के साक्षी बने। इस दौरान स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी भी मौजूद रहे।