शव नहीं उठाने से नाराज लोगों ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जताया रोष

Listen to this article

चार दिन से मृत गाय का शव न उठाने पर मां गंगा समाज सेवा समिति संस्था के लोगों का गुस्सा भड़क गया। नाराज लोग मंगलवार सुबह गाय के शव को लेकर नगर निगम पहुंचे और धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिकायत के बाद भी गाय के शव को न उठाने का आरोप लगाया। लोगों की नाराजगी को देखते हुए अधिकारियों ने इस संबंध में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के साथ ही मृत गोवंश को दफनाने के लिए जेसीबी लगाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोग शांत हो पाए। समिति के अध्यक्ष अनिकेत गिरी ने बताया कि उनकी संस्था दुर्घटना में घायल व बीमार गोवंशों का उपचार पंतद्वीप स्थित गोशाला में करती है। पिछले चार दिन पहले एक बीमार गोवंश का उपचार किया जा रहा था। उपचार के दौरान गाय की मौत हो गई। जिसके तुरंत बाद शव को उठाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी दी गई। लेकिन अधिकारी कभी अगले दिन तो कभी कुछ देर बाद वाहन भेजने की बात कहकर टालते रहे। सोमवार की रात 10 बजे तक भी जब शव उठाने के लिए वाहन नहीं भेजा गया तो समिति के साथ ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। मंगलवार सुबह एकत्र होकर नगर निगम कार्यालय पर गाय के शव को रखकर धरना देने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने बताया कि धरने के दौरान सहायक नगर आयुक्त तनवीर सिंह मारवाह ने आश्वासन दिया है कि गोवंश को लेकर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। जबकि शहर में दुर्घटना या बीमारी के कारण मृत होने वाले गोवंश को उठाकर दफनाने के लिए एक जेसीबी 24 घंटे के लिए लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारियों के आश्वासन के मुताबिक कार्य नहीं हुआ तो नगर निगम में फिर से धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। धरना देने वालों में दीपक प्रजापति, अंकुश कुमार, सौरभ वशिष्ठ, आशीष अग्रवाल, अश्वनी कश्यप, दीपक जोशी, विपिन यादव, संजय पाठक, प्रिंस साहू, सुरजीत फौजी, अनुज कश्यप, योगेश, सुमित, सोनू, श्रवण गिरी आदि शामिल रहे।