बड़ी खबर: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का दौरा, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

Listen to this article


*एक हजार लोगों के साथ होगी वर्चुअल रैली, करेंगे गंगा पूजन*

आज शनिवार को चुनावी रैली के लिए हरिद्वार आ रहे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम चाक-चौबंद किए गए हैं। शुक्रवार को पैरामिलिट्री फोर्स ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पूरे मैदान के चप्पे-चप्पे को खंगालने में दिनभर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवॉयड टीम जुटी रही। कुमाऊं रेंज से हवाई मार्ग से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से बाया सड़क मार्ग से पूर्व अध्यक्ष का काफिला सीधे कार्यक्रम स्थल नेहरू युवा केंद्र पहुंचेगा। यहां से राहुल गांधी सीधे हरकी पैड़ी पर पूजा अर्चना करने के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के दौरे को लेकर हरिद्वार पुलिस ने कमर कस ली है। नगर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार को पूरे दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान सौंपी गई है। शुक्रवार को दिल्ली से पूर्व अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर पहुंची पैरामिलिट्री फोर्स ने शहर में डेरा डाल लिया है। पैरामिलिट्री फोर्स ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ साथ बम निरोधक दस्ते ने पूरे मैदान का चप्पा चप्पा खंगाला। कार्यक्रम स्थल पर सघन चेकिंग के बाद ही एंट्री मिल सकेगी। राहुल गांधी पांच फरवरी को शाम चार बजे नेहरू युवा केंद्र परिसर में चार बजे एक वर्चुअल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में कांग्रेस की ओर से शामिल होने वाले चुनिंदा एक हजार नेताओं को पास जारी किया जा रहा है। इसके साथ ही मीडिया कर्मियों के लिए भी पास की व्यवस्था की गई है। जनसभा स्थल में आने के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेसियों में उत्साह बना हुआ है। जनसभा स्थल पर 11 प्रत्याशियों के अलावा प्रदेश स्तर के नेता भी शामिल रहेंगे। जनसभा स्थल में 11 विधान सभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों को ही पास जारी किया जा रहा। कार्यक्रम स्थल पर जब पूर्व अध्यक्ष का काफिला पहुंचेगा तब कुछ मिनटों के लिए यातायात रोका जाएगा, जब तक वह कार्यक्रम स्थल पर रहेंगे तब तक यातायात सामान्य रहेगा। जब वह हरकी पैड़ी के लिए रवाना होंगे तब चंद मिनट के लिए यातायात फिर से रोका जाएगा। नगर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकसी बरती जा रही है। एसपीजी अधिकारियों ने जनसभा स्थल का मौका मुआयना किया। जहां एक हजार पदाधिकारी शामिल होंगे। मंच की व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। राहुल के साथ बड़े नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रभारी देवेंद्र यादव, राजेश धर्माणी आदि शामिल होंगे।