भाजपा 8 विधानसभा सीटों पर मिली हार की समीक्षा करेगी

Listen to this article

पार्टी 6 अप्रैल को स्थापना दिवस बूथ स्तर तक मनाया जाएगा
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी की बैठक सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय जगजीतपुर में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चैहान ने की और संचालन भाजपा जिला महामंत्री आदेश सैनी और विकास तिवारी द्वारा किया गया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी आगामी 6 अप्रैल को स्थापना दिवस बूथ स्तर तक मनाएगी। साथ ही भाजपा आठ विधानसभा सीटों पर मिली हार की समीक्षा भी करेगी। जिसके लिए तीन दिन निर्धारित कर दिए गए हैं। जिला महामंत्री विकास तिवारी ने कहा कि आगामी 2 अप्रैल को नव वर्ष प्रतिपदा का भी कार्यक्रम है जिसे हिंदू नव वर्ष भी कहा जाता है, इसको भी पार्टी ने मंडलस्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। आगामी माह में होने वाली मन की बात के कार्यक्रम को भी बूथ स्तर पर संपन्न किया जाएगा। जिसमें एक मंडल पदाधिकारी बतौर मुख्य वक्ता भेजा जाएगा। भाजपा जिला महामंत्री आदेश सैनी ने बताया कि 29, 30 और 31 मार्च को हरिद्वार जनपद की 8 विधानसभा सीटों में समीक्षा बैठकों का आयोजन किया गया है। हरिद्वार जनपद में जिन सीटों पर पार्टी नहीं जीत पाई है, उनकी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार ग्रामीण और लक्सर विधानसभा सीटों के लिए प्रदेश महामंत्री सुरेश, मंगलौर और ज्वालापुर सीट के लिए प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, पिरान कलियर और झबरेड़ा के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन एवं प्रदेश प्रवक्ता विरेंद्र बिष्ट एवं भगवानपुर-खानपुर सीट के लिए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल प्रदेश की ओर से बैठक लेने के लिए उपस्थित रहेंगे। बैठक में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रीता चमोली, जिला उपाध्यक्ष देशपाल रोड,जिला उपाध्यक्ष अनिल अरोड़ा, अमन त्यागी, अनामिका शर्मा, आशु चैधरी, योगेश चैधरी,अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष तेलूराम प्रधान,अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष बहरोज आलम ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रदीप पाल मोहित वर्मा आदि उपस्थित रहे।