नाले का गंदा पानी भरा सड़कों पर, घरों में कैद हुए लोग

Listen to this article

गंदे पानी की बदबू और सड़ान से लोग परेशान
बकरा मार्केट नाले निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं के चलते क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण के कारण बड़े गंदे नाले के पानी को रोकने का उपाय ठीक तरीके से नहीं किया गया है। नाले का पानी लोगों की दुकानों, घरों के सामने बह रहा है। गंदे पानी से सड़न बदबू से लोगों का बुरा हाल है। सप्ताह भर से नाले का गंदा पानी सड़कों पर तालाब का रूप ले चुका है। नाले के गंदे पानी से कैतवाड़ा, कड़च्छ, बकरा मार्केट, शरीफ नगर, शास्त्री नगर आदि क्षेत्रों के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। नवरात्रों के साथ-साथ रमजान का महीना भी चल रहा है। मिश्रित आबादी वाले इस क्षेत्र में हिंदू मुस्लिम सभी की भावनाएं आहत हो रही हैं। स्थानीय निवासी आनन्द स्वरूप वर्मा, मंगल सिंह ने कहा कि नाला निर्माण सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। बड़ी मात्रा में गंदा पानी, कूड़ा करकट नाले में बहता है। नाले का निर्माण कर रहे कर्मचारी अधिकारी निर्माण के चलते नाले को पानी को बंधे से बंद कर दिया है। नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सप्ताह भर से सड़कों पर बह रहा है। गंदगी के चलते दुकानों पर ग्राहक नहीं आ पा रहे हैं। कुछ व्यापारियों ने तो दुकानें भी बंद कर दी हैं। सड़न बदबू से बुरा हाल है। जबकि स्थानीय पार्षद व अन्य नेताओं से समस्या की समधान की गुहार लगायी जा चुकी है। लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही नाले के गंदे पानी से राहत नहीं मिलती है तो नाले के निर्माण कार्य को ही बंद करा दिया जाएगा। निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था के कर्मचारी अधिकारियों की लापरवाही का नजारा देखा जा सकता है। लोगों को घरों में कैद होना पड़ रहा है। मंदिर मस्जिद नहीं जा पा रहे हैं। स्कूली बच्चे परेशान हैं। सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। आए दिन दुघर्टनाएं हो रही हैं। नाराजगी जताने वालों में श्यामलाल,गोपाल, महबूब, आजाद, विपिन कटारिया, साजिद, अजय, रमेशचंद आदि शामिल रहे।