आक्रोश: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

Listen to this article

हरिद्वार। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की लोक सभा सदस्यता समाप्त करने पर महानगर कांग्रेस कमेटी के संयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर हिटलरशाही का आरोप लगाते हुए चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। विभाष मिश्रा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान विधायक रवि बहादुर ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा सरकार के खिलाफ उठाए जा रहे मुद्दों से बीजेपी सरकार डर गई है। आनन फानन में राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने से सरकार की हताशा साफ दिख रही है। महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि जनता से किए वादे पूरे करने में नाकाम रही केंद्र सरकार विपक्ष को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि पूरा देश केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली को देख और समझ रहा है। अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में जनता सरकार को जवाब देगी। ग्रामीण कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार देश में हिटलर शाही चला रही जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले विपक्ष के नेताओं को झूठे मुकद्मों में जेल भेजा जा रहा है। राहुल गांधी द्वारा सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से घबराकर केंद्र सरकार के इशारे पर उनकी सदस्यता समाप्त की गयी। लेकिन कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना, मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, पूर्व राज्यमंत्री डा.संजय पालीवाल,राजबीर सिंह चौहान,महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, नितिन तेश्वर, नितिन पेवल,तुषार कपिल, शुभम जोशी,निखिल सौदाई, महरूफ सलमानी,सुनील कुमार,हरद्वारी लाल, विमला पांडे,मुरली मनोहर,दिनेश पुंडीर,एजाज अली,तरुण व्यास,दीपक कोरी,बृजमोहन बड़थ्वाल, सतपाल ब्रह्मचारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।