महिलाओं ने सिलेंडर लेकर सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

Listen to this article

महानगर महिला कांग्रेस कमेटी ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने के विरोध में सिलेंडर लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ललतारो पुल वाल्मीकि चैक पर प्रदर्शन के दौरान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष डा. संतोष चौहान ने कहा कि बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के पास कोई नीति नहीं है। कोरी घोषणाएं करके सत्ता हासिल करने वालों को जड़ से उखाड़ फेंकने को जनता बेताब है। आने वाले विधानसभा चुनाव में ही भाजपा को अपनी करनी का फल मिल जाएगा। महिला प्रदेश सचिव शशि झा व महानगर अध्यक्ष अंजू मिश्रा ने कहा कि अच्छे दिन का वादा करने वाली भाजपा सरकार में दो जून की रोटी कमाना मुश्किल हो रहा है। आमदनी की तुलना में महंगाई और बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है कि घर खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। रसोई गैस सिलेंडर व तेल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कोरोनाकाल में राहत के नाम पर सरकार ने सभी आवश्यक चीजों के दाम बढ़ा दिए। महंगाई रोकने को लेकर कहीं कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में सुमन अग्रवाल, बीना कपूर, लता पंवार, गीता शुक्ला, गीता जैन, सरिता शर्मा, आशा कोरी, माया, आरती, ममता, शबनम, शबाना, रामदेवी, मुनि देवी, कुसुम, आयशा, सुदेश देवी, पूजा धीमान, रामकली, सुनिता कोरी उपस्थित रहीं।