आगजनी में 50 से ज्यादा झोपड़िया जलकर राख कोई जनहानि नहीं, महंत रविंद्र पुरी महाराज ने भी तत्काल आर्थिक मदद

Listen to this article

हरिद्वार (मनोज खन्ना) थाना कनखल क्षेत्रान्गर्त बैरागी कैंप स्थित बजरी वाला में मंगलवार को लगी भीषण आग में 50 से ज्यादा झोपड़ियां जल कर खाक हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुची दमकल विभाग की 4 गाड़ियों के द्वारा कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने की घटना में कोई जन हानि नही हुई,लेकिन कुछ लोग आग में से अपना सामान निकालते हुए झुलस गए। जिनकी जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई। आगजनी में कई लोगों का लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। आग के कारणों का पता नहीं चल सका लेकिन बताया जा रहा है कि किसी के चूल्हे की आग के पतंगे के कारण यह आग मिनटों में फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है  हवा के कारण आग बहुत तेजी से फैल गई। जैसे ही लोगों को आग दिखाई दी और आग ने देखते ही देखते अपना विकराल रूप धारण कर लिया और बजरी वाला में हाहाकार मच गया। लोगों ने अपना कीमती ,जरूरी सामान,मवेशी और सिलेंडर निकाल लिए। समय रहते सिलेंडर निकालने से आग बहुत अधिक भयावह नहीं हुई अन्यथा जान का नुकसान भी हो सकता था। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी कुम्भ से पहले बजरीवाला में आग लगी थी। बजरीवाला क्षेत्र पूर्ण रूप से एक झोपडियों वाला क्षेत्र है यहां गर्मी में अक्सर आग की घटनाएं हो जाती है। हरिद्वार विधायक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने आगजनी की घटना पर दुःख व्यक्त किया है।

*सभी अग्नि पीड़ित परिवारों को श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज ने दी आर्थिक मदद*

बैरागी कैंप स्थित झुग्गी बस्ती में आग लगने से बेघर हुए लोगों की मदद को आगे आए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने सभी पीड़ितों को खाद्य सामग्री, तिरपाल एवं दो-दो हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा बस्ती में रहने वाले एक परिवार की पुत्री की शादी के लिए भी 11 हजार रूपए की आर्थिक मदद उपलब्ध करायी। इस दौरान श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि बस्ती में आग लगने से गरीबों का बेघर होना बेहद दुखदायी है। ऐसे में सभी गरीब पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्ती में रहने वाले एक परिवार की पुत्री की शादी के लिए जुटाया गया सभी सामान भी आग में जल गया। लेकिन कन्या का विवाह समय पर ही कराया जाएगा। फिलहाल 11 हजार की आर्थिक मदद कन्या के परिवार को दी गयी है। शादी के समय पर भी कन्या के परिवार की मदद की जाएगी। मौके पर पहुंचे एसडीएम पूरण सिंह राणा ने पीड़ितों की त्वरित मदद करने पर श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज का आभार जताया। गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर बैरागी कैंप स्थित झुग्गी बस्ती में आग लगने से 37 झोंपड़ियां जल गयी। झोंपड़ियों में रखा सभी सामान भी जल गया। आग लगने की सूचना पर मायापुर स्थित फायर स्टेशन से 6 दमकल गाड़ीयां मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग की चपेट में आयी झुग्गीयों में रखा सामान पूरी तरह जल गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इस दौरान मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा भी मौजूद रहे।