ताजा खबर: 2025 में देश का अग्रणी राज्य होगा उत्तराखंड-डा.देवेंद्र भसीन

Listen to this article

हरिद्वार। वरिष्ठ भाजपा नेता डा.देवेंद्र भसीन ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखण्ड यात्रा को लेकर राज्य की जनता भारी उत्साह है। शुक्रवार को उत्तराखंड आ रहे पीएम मोदी केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने के साथ दोनों धामों के पुनुरूत्थान कार्यो का स्थलीय निरीक्षण तथा केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे का शिलान्यास करेंगे। गुरूवार को प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान डा.भसीन ने कहा कि पीएम मोदी व सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। 2025 में उत्तराखड देश का अग्रणी राज्य होगा। डा.भसीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासवादी नीतियों के चलते प्रदेश की जनता का आशीर्वाद लगातार भाजपा को मिल रहा है। विधान सभा चुनाव और उसके बाद चम्पावत उप चुनाव तथा हरिद्वार में त्रिस्तरीय जिला पंचायत चुनाव में जनता का भाजपा को समर्थन इस बात का प्रमाण है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बहु आयामी प्रशासनिक व्यवस्था सफलता के साथ चला रहे हैं। विकास योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाने के साथ शासन की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार पर भी करारा प्रहार कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए समान नागरिक संहिता लागू करने और नए भू कानून के वादे को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में हुए घोटाले में आयोग के चेयरमैन सहित कई बड़े अधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही के लिए 1064 ऐप शुरू किया गया है। ऐप पर आई शिकायतों के आधार पर भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के तमाम मोर्चो पर तेजी से काम कर रही है। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के जरिए आमजन को लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रैसवार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजीव वर्मा, भाजपा जिलाअध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष अनिल अरोड़ा, जिला कार्यालय सचिव लव शर्मा मौजूद रहे।