हरिद्वार:(सूचना) जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने जिले में धान की फसल की पैदावार का सही आकलन करने के लिए खुद खेतों में जाकर धान की कटाई की। उन्होंने राजस्व, कृषि और सांख्यिकी विभाग की टीम के साथ तहसील हरिद्वार के सहदेवपुर सहवाजपुर गांव के किसानों ममता और कुलवंत सिंह के खेतों में पहुंचकर धान की फसल को काटा और उसे मढ़वाकर तौला। इस जांच में पाया गया कि ममता के खेत से 12.720 किलो और कुलवंत के खेत से 15.380 किलो धान निकला।
जिलाधिकारी ने किसानों से उनकी फसल में इस्तेमाल किए गए बीज, खाद और कीटनाशकों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिले में फसलों की औसत पैदावार का आकलन करने के लिए इस तरह के सर्वेक्षण किए जाते हैं। इसके अलावा, फसल बीमा योजना और अन्य कृषि योजनाओं के लिए भी डेटा इकट्ठा किया जाता है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे किसानों के साथ मिलकर जिले में फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल करें और खेतों का नियमित निरीक्षण करें।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी अजयवीर सिंह,सहायक भूलेख अधिकारी एवं अपर सांख्यिकी अधिकारी,उत्तम सिंह,कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी एस०गुप्ता,राजस्व निरीक्षक रमेशचन्द्र,क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक हरेन्द्र रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।