अल्मोड़ा नगर निगम परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र में सेवाएं ठप, प्रशासनिक उपेक्षा से जनता परेशान

Listen to this article

अल्मोड़ा नगर निगम परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र में बीते कई महीनों से खाता-खतौनी, जीवित प्रमाण पत्र जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं बाधित हैं। लगभग तीन माह से सेवाएं पूरी तरह से ठप पड़ी हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब तत्कालीन जिलाधिकारी वंदना सिंह ने इस केंद्र की स्थापना के दौरान आश्वासन दिया था कि वे इसकी नियमित निगरानी करेंगी और हर सप्ताह निरीक्षण करेंगी। लेकिन उनके कार्यकाल के बाद यह केंद्र प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हो गया।
संजय पाण्डे के प्रयासों से हुई थी जन सुविधा केंद्र की स्थापना
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के निरंतर प्रयासों से ही जन सुविधा केंद्र की स्थापना हुई थी। सबसे पहले इन्हीं के द्वारा इस केंद्र की आवश्यकता को उजागर किया गया और इसके लिए लगातार प्रशासन से मांग की गई। पिछले वर्ष नए कंप्यूटर सिस्टम और प्रिंटर भी संजय पाण्डे के प्रयासों से ही स्थापित किए गए थे। इसको लेकर उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी विनीत तोमर के खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और देहरादून स्थित उच्चाधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई थी। मामला रेवेन्यू बोर्ड तक पहुंचने के बाद ही जीवित प्रमाण पत्र बनने शुरू हुए थे।
प्रशासनिक लापरवाही का शिकार हुआ जन सुविधा केंद्र
अब फिर से यह केंद्र प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक बन चुका है। संजय पाण्डे का कहना है कि बार-बार उन्हें ही शिकायत दर्ज करानी पड़ती है, लेकिन उच्च अधिकारी इस केंद्र पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इस बार भी संजय पाण्डे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है, जिसका क्रमांक CHML 220258691666 है। इसके साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी महोदय से फोन द्वारा वार्ता भी की है और तुरंत समाधान की मांग की है।