उत्तराखंड सरकार के तीन साल पूरे: मंगलौर में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन

Listen to this article

हरिद्वार/मंगलौर, 27 मार्च, 2025: उत्तराखंड सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में “जन सेवा” थीम पर एक बहुद्देशीय और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। लिब्बरहेड़ी के अर्थव फार्म हाउस में आयोजित शिविर का उद्घाटन मुफ्ती शमून कासमी, जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने इस अवसर पर कहा कि उत्तराखंड सरकार ने अपने तीन साल के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। उन्होंने यूसीसी और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण कानून बनाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के सहयोग से कई विकास योजनाएं शुरू की हैं, जिससे राज्य विकास की ओर अग्रसर है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने कहा कि इन तीन वर्षों में समान नागरिक संहिता और सख्त नकल विरोधी कानून जैसे संकल्प पूरे किए गए हैं। सरकार के तीन साल बेमिसाल रहे हैं और महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास योजनाओं की चर्चा पड़ोसी राज्यों तक होनी चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक दिनेश पंवार ने कहा कि राज्य में यूसीसी, भू कानून और लव जिहाद जैसे कानून बनाए गए हैं और लगातार नियुक्तियों से बेरोजगारी पर लगाम लगी है। दर्जा प्राप्त मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि धामी सरकार द्वारा ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं से राज्य के विकास की गति दोगुनी हो जाएगी।
मुख्य अतिथि मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि बहुद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल से योजनाओं की जानकारी मिलेगी और जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बिना भेदभाव के लाभकारी योजनाएं ला रही हैं, जिसमें सभी वर्गों को शामिल किया गया है।
शिविर में कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला पूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। राजकीय उच्चतम माध्यमिक विद्यालय लिब्बरहेड़ी की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। मंच संचालन ग्राम विकास अधिकारी लक्सर विनोद प्रसाद मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर शोभा राम प्रजापति, सुशील राठी, कविंद्र चौधरी, राजीव राणा, शोभित गुप्ता, सुभाष सैनी, चंद्र शेखर भट्ट, धर्मपाल सिंह तेजवान, अनिल कंबोज और क्षेत्रीय जनता सहित कई अधिकारी उपस्थित थे