हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

मां दुर्गा सभी देवी-देवताओं के अंश से उत्पन्न और श्रृंगारित हैं: पंडित पवन कृष्ण शास्त्री

हरिद्वार: श्री बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद् देवी भागवत कथा के आठवें दिन पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मां दुर्गा कोटि-कोटि देवताओं के दिव्यांश से उत्पन्न हुई हैं। उनके मुख, बाल, भुजाएं, चरण और अंगुलियां विभिन्न देवताओं के तेज से प्रकट हुईं। उन्हें भगवान शिव, विष्णु, वरुण, अग्नि, इंद्र, यमराज, कुबेर और अन्य देवताओं से अस्त्र-शस्त्र और आभूषण प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि देवी की आराधना से सभी देवता प्रसन्न होते हैं और उनकी कृपा से सभी कार्य सहज होते हैं। इस अवसर पर रामनवमी की महिमा का भी वर्णन किया गया और सुंदरकांड का पाठ हुआ। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. संजय पालीवाल और स्वामी आनंद स्वरूप महाराज को सम्मानित किया।

विधायक मदन कौशिक व रवि बहादुर ने किया होम्योपैथिक क्लीनिक का उद्घाटन

हरिद्वार: तहसील रोड पर सिंघल होम्योपैथिक क्लीनिक का उद्घाटन विधायक मदन कौशिक, रवि बहादुर, महामंडलेश्वर आनंद स्वरूप और महामंडलेश्वर दर्शन भारती ने किया। विधायकों ने कहा कि होम्योपैथी रोगों के उपचार में तेजी से स्वीकार्य हो रही है। डॉ. सक्षम अग्रवाल ने कहा कि सर्जरी को छोड़कर होम्योपैथी सभी बीमारियों में सहायक है और जटिल रोगों का निदान भी संभव है। उन्होंने धर्मनगरी के लोगों की सेवा करने का संकल्प लिया।

अब वह दिन दूर नहीं जब अखंड भारत का सपना सच्चाई बनकर सामने आएगा: भाजपा स्थापना दिवस

हरिद्वार: भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का 46वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है और सामान्य कार्यकर्ता भी उच्च पदों पर पहुंच सकता है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अंत्योदय के सपने को साकार करने की दिशा में सरकार के प्रयासों को सराहा और अखंड भारत के सपने को जल्द साकार होने की बात कही।

शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर ने एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार: शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर ने एसपी सिटी को ज्ञापन देकर ज्वालापुर बाजार में ई-रिक्शा संचालन के लिए रूट प्लान, बाजार और सरकारी कार्यालयों में पार्किंग और शौचालय-पेयजल की व्यवस्था की मांग की है। अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि रूट प्लान न होने से जाम की स्थिति बनी रहती है और पार्किंग व बुनियादी सुविधाओं की कमी से लोगों को परेशानी होती है।

एआई के युग में नैतिकता की भी जरूरत: डा. चिन्मय पंड्या

हरिद्वार: संयुक्त राष्ट्र के आस्था एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आयोग के आयुक्त डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि एआई के बढ़ते प्रयोग से समाज में बदलाव आ रहा है, इसलिए मानवीय मूल्यों पर इसका संतुलित असर हो, इसके लिए सभी को जागरूक रहना होगा। वे देसंविवि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सामाजिक प्रभाव विषय पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एआई शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में क्रांति ला रहा है, लेकिन नैतिकता और डेटा सुरक्षा जैसी चिंताएं भी हैं। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा वैज्ञानिक अध्यात्मवाद और आधुनिक तकनीक के समन्वय के प्रयासों की सराहना की।

देश विदेश के साधकों ने इदं न मम के भाव से की नवरात्र साधना की पूर्णाहुति

हरिद्वार: गायत्री तीर्थ शांतिकुंज और देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में नवरात्र साधना के अंतिम दिन देश-विदेश के साधकों ने गायत्री अनुष्ठान की पूर्णाहुति की। महिला मंडल ने कन्या भोज के साथ समापन किया। शांतिकुंज में 27 कुण्डीय और देसंविवि में 9 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ हुआ, जिसमें साधकों ने जनहित में ऊर्जा लगाने का संकल्प लिया। शांतिकुंज परिवार ने रामजन्म महोत्सव पर रैली भी निकाली। इस अवसर पर विभिन्न संस्कार भी निःशुल्क कराए गए।