मिलावटखोर राष्ट्र और समाज के दुश्मन: डीएम की सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Listen to this article

हरिद्वार, 25 अप्रैल 2025: जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने जिला कार्यालय सभागार में सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले व्यक्ति समाज और राष्ट्र के दुश्मन हैं, जो आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण और सैंपलिंग करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सर्टिफिकेशन और रजिस्ट्रेशन के लिए संबंधित व्यापारियों को जागरूक करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और पुलिस विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह बच्चों से लेकर वृद्धजनों तक के स्वास्थ्य से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील कार्य है। मिलावट पहली नजर में आसानी से पता नहीं चलती है, इसलिए खाद्य सुरक्षा, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से मिलावटखोरी के विरुद्ध सख्ती से काम करने और मुकदमे दर्ज करने के निर्देश दिए ताकि दूषित भोजन जनता तक न पहुंच सके।
अभिहित अधिकारी महिमा नंद जोशी ने बैठक में बताया कि जिले में वर्ष 2024-2025 में 219 स्थानों से लिए गए 355 नमूनों में से 238 सही पाए गए, जबकि 10 नमूने सब-स्टैंडर्ड, 2 मिस-ब्रांडेड और 19 असुरक्षित पाए गए। 86 नमूनों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। उन्होंने सर्वे नमूनों की जानकारी देते हुए बताया कि इसी अवधि में लिए गए 246 सर्वे नमूनों में से 236 सही, 9 सब-स्टैंडर्ड और 1 असुरक्षित पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में 29 मामलों में कोर्ट केस की कार्रवाई की गई है और 22 मामलों में कोर्ट केस की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, एएसपी जितेंद्र चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरके सिंह, बाल विकास अधिकारी सुलेखा सहगल, जिला अभिहित अधिकारी महिमा नंद जोशी, फूड सेफ्टी ऑफिसर दिलीप जैन, योगेन्द्र पांडे, कपिल देव, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी हरिद्वार डॉ गंभीर तालियान, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी रुड़की डॉ एके श्रीवास्तव, डीएसओ तेजबल सिंह, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, ईई पीडब्लूडी दीपक कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।