मुख्यमंत्री धामी ने किया वात्सल्य गंगा आश्रय आश्रम का लोकार्पण

Listen to this article

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार में वात्सल्य गंगा आश्रय आश्रम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने साध्वी दीदी मां ऋतम्भरा को उनके समाज सेवा के कार्यों, विशेषकर निराश्रित बेटियों को नवजीवन देने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीदी मां के प्रकल्प समाज में आशा और करुणा के सशक्त प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने लखनऊ विश्वविद्यालय के दिनों को याद करते हुए बताया कि राम जन्मभूमि आंदोलन के समय उन्होंने दीदी मां का उद्बोधन सुना था, जिसने हजारों लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने दीदी मां को सनातन की ध्वजा वाहिका बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू हुई है, जिसकी “गंगोत्री” यहीं से निकलकर पूरे देश को लाभान्वित करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया, जिनमें केदारनाथ का पुनर्निर्माण और बद्री विशाल मास्टर प्लान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देश में धार्मिक पुनरुत्थान का महापर्व चल रहा है, जिसका परिणाम अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण है।
मुख्यमंत्री ने लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी विकृत मानसिकताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात दोहराई और कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का मूल अस्तित्व बचा रहना चाहिए। उन्होंने चारधाम यात्रा की सफलता पर भी बात की, जिसमें अब तक 18 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने धामी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पूरे देश के लिए प्रेरणा बताया। इस अवसर पर साध्वी दीदी मां ऋतम्भरा, युग पुरुष परमानन्द गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।