हरिद्वार, 16 जुलाई 2025: उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपनी पत्नी प्रज्ञा दीक्षित के साथ रोशनाबाद स्थित जिला कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ करते हुए स्वयं फावड़ा चलाकर वृक्षारोपण में सहभागिता की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रदेश और जनपदवासियों को हरेला पर्व की बधाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनपद में 4.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और हरेला पर्व पर विभिन्न विभागों, संगठनों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से 20 हजार पौधों का रोपण किया गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान को जन जागरूकता के साथ मनाने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने में जन सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। जिलाधिकारी ने कहा कि यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाता है।
जिलाधिकारी ने वेयर हाउस परिसर में गुरियाल का पौधा रोपित कर ‘मेरा वोट मेरी पहचान मेरा वृक्ष मेरी जान’ थीम पर स्वीप कार्यक्रम के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई और सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
2025-07-16