मंगलौर। मंगलौर पुलिस ने ग्राम उदलहेड़ी में हुई एक चोरी के मामले में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। चोरी के शेष सोने के जेवरात पुलिस ने दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा से बरामद किए हैं। आरोपी ने चोरी के जेवरात बेचने के बजाए गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर भारी रकम का लोन ले रखा था।
3 अक्टूबर को पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, कोतवाली मंगलौर में दर्ज चोरी के मुकदमे की जांच के दौरान 3 अक्टूबर को आरोपी राहुल को हिरासत में लिया गया था। उस समय पुलिस ने उसके पास से चोरी का कुछ सामान बरामद कर लिया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने बाकी के सोने के जेवरात दिल्ली के भजनपुरा में स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रख दिए हैं।
गिरवी रखकर लिया था 2.51 लाख का लोन
जांच में सामने आया कि आरोपी ने बीते 7 अगस्त को कैपरी गोल्ड लोन की भजनपुरा शाखा में चोरी के जेवरात गिरवी रखे थे और उसके बदले 2,51,200 रुपये का लोन प्राप्त किया था।
पुलिस ने रिमांड लेकर की बरामदगी
इसके बाद मंगलौर पुलिस ने कोर्ट से आरोपी की अभिरक्षा रिमांड हासिल की और उसे साथ लेकर दिल्ली स्थित संबंधित शाखा पहुंची। पुलिस ने लोन कंपनी के अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की और गिरवी रखे गए सभी शेष जेवरात बरामद कर लिए।
पुलिस ने बताया कि इस बरामदगी के साथ ही चोरी की इस घटना में शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। पूरी रिकवरी होने पर पीड़ित परिवार ने मंगलौर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।















