आज की खबरें- पांच दशक तक राजनीति में आठ बार चुनाव लड़े अमरीश कुमार

Listen to this article


हरिद्वार में भाई जी के नाम से विख्यात पूर्व विधायक व कांग्रेसी नेता अम्बरीष कुमार के राजनीतिक जीवन का लंबा इतिहास रहा है। अम्बरीष कुमार उत्तर प्रदेश विधानसभा मे सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरुस्कार भी प्राप्त कर चुके हैं। अम्बरीष कुमार 2019 के लोकसभा चुनाव में भी हरिद्वार लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े थे। 50 साल के राजनीतिक जीवन में 72 वर्षीय अम्बरीष कुमार ने आठ चुनाव लड़े हैं। हरिद्वार में उनकी राजनीतिक ज़मीन कितनी मजबूत रही है, यह इससे पता चलता है कि आठ में से 6 चुनावों में वे दूसरे नंबर पर रहे। कांग्रेस से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफ़र जनता दल और समाजवादी पार्टी होते हुए फिर से उन्हें कांग्रेस में ले आया। हरीश रावत के बाद वह उत्तराखंड कांग्रेस के ऐसे दूसरे नेता हैं। जिन्होंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी तीनों के नेतृत्व में चुनाव लड़ा है। हरिद्वार के कपड़ा व्यापारी परिवार में जन्मे अम्बरीष कुमार ने 1971 में इंदिरा गांधी से प्रभावित होकर कांग्रेस का हाथ थामा था। सालभर के भीतर ही 1972 में वे हरिद्वार के यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बने। कांग्रेस के प्रति झुकाव उन्हें परिवार से विरसत में मिला था।

मुख्यमंत्री की ओर से किच्छा विधायक ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री की ओर से किच्छा विधायक ने दी श्रद्वांजलि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से किच्छा से विधायक राजेश शुक्ला पूर्व विधायक अंबरीश को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। मुख्यमंत्री की ओर से उन्होंने पुष्पच्रक अर्पित कर पूर्व विधायक अंबरीश कुमार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अंबरीश कुमार संविधान के अच्छे ज्ञाता था। उनके साथ समाजवादी पार्टी में रहा हूं। निधन का समाचार मिला तो दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से जितना उनको ज्ञान और अनुभव था जो उनकी प्रतीभा थी उसका सच्चे अर्थों में उतना लाभ उत्तराखंड को नहीं मिल सका।

हमेशा मार्गदर्शन करते रहते थे अमरीश कुमार -मदन कौशिक

कांग्रेस नेता अंबरीश कुमार के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा जनता के हित में काम किए। बड़े भाई की भूमिका निभाने वाले अंबरीश कुमार उनका हमेशा मार्गदर्शन करते रहते थे। हरिद्वार के बारे में सुझाव देते रहते थे। उनका निधन से हरिद्वार की राजनीति में अपूर्णीय क्षति हुई है। वहीं कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि पूर्व विधायक अंबरीश कुमार के निधन का समाचार मिलकर कष्ट हुआ। संसदीय ज्ञान में वह निपुण थे। जमीन से जुड़ा नेता था। मेरे गुरु रहे। आज राजनीति के एक युग का अंत हो गया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि उनका जाना हरिद्वार की राजीतिक का एक युग समाप्त होने जैसा है। उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी। हमेशा ही उन्होंने शहर हित में आवाज उठाई। पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि समय समय पर वे मेरा मार्गदर्शन भी करते थे। उनके जाने से बहुत दुख हो रहा है।

राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर उन्होंने युवाओं को भी प्रेरणा

वैश्य बंधु समाज मध्य हरिद्वार के अध्यक्ष डा.विशाल गर्ग ने प्रैस बयान जारी करते हुए कहा कि पूर्व विधायक अंबरीष कुमार के निधन से वैश्य समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। जिसकी पूर्ति मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर उन्होंने युवाओं को प्रेरणा दी। विलक्षण राजनीतिक प्रतिभा के धनी पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने सभी वर्गो के दुख दर्द में हमेशा अग्रणी भूमिका निभायी। अंबरीष कुमार सदैव ही मजदूरों, किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करते रहे। समय समय पर धर्मनगरी में सौहार्द एकता का माहौल बनाने में उनके योगदान की जितनी भी प्रशंसा की जाए। उतना कम है। कर्मठ, ईमानदार, साफ छवि के नेता अंबरीष कुमार हमेशा ही धर्मनगरी के लोगों के प्रिय रहे। युवा वर्ग का लगाव हमेशा ही अंबरीष कुमार से रहा। उन्होंने राजनीतिक संघर्ष में हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास के नए आयाम रचने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। उनकी योग्यता एवं बौद्धिक क्षमता का प्रदेश के सभी राजनीतिक दल लोहा मानते थे। राजनीति एवं प्रशासन के संबध में उनका ज्ञान विलक्षण था। हरिद्वार के कई युवाओं ने उनके सानिध्य में ही राजनीतिक सफर की शुरूआत की। पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। उ.प्र विधानसभा के श्रेष्ठ विधायक चुने गए अंबरीष कुमार ने हरिद्वार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हरिद्वार की राजनीति में एक विशिष्ट पहचान रखने वाले अंबरीष कुमार के निधन से वैश्य समाज को भी गहरा आघात लगा है। उनके निधन से हरिद्वार व उत्तराखण्ड की राजनीति का एक युग समाप्त हो गया है। ईश्वर व मां गंगा उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे।  

देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने अमरीश कुमार को दी श्रद्धांजलि

देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रखा। पोस्ट ऑफिस पर एकत्र होकर सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल पर दो मिनट का मौन रखकर पूर्व विधायक अंबरीश कुमार को श्रद्धांजलि देकर धरना समाप्त किया। इसके साथ ही बकरीद को देखते हुए कुछ कर्मचारियों ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में अपनी ड्यूटी भी की। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरविंद चंचल, राजेंद्र चोटाला नरेश चुनयाना ने कहा कि पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार म्युनिसिपल बोर्ड कर्मचारी यूनियन ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी थे। उन्होंने हमेशा कर्मचारियों के हित की बात की है। उनके निधन की खबर से गहरा आघात पहुंचा है। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ उनके निधन पर दुख व्यक्त करता है। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष गगन कांगड़ा ने कहा कि सफाई कर्मियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन का आंदोलन लगातार जारी है। शासन को जल्द सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। इस दौरान सत्य प्रकाश उर्फ राजा पाटिल, मुकेश चंचल, नीरज बागड़ी, अशोक चैहान, शिवकुमार लोहरियाल, कुशमपाल, हवलदार काका राम, मोतीराम, सुभाष, गोवर्धन, सुदर्शन, दीपक, सीताराम, लवकेश, प्रवेश, प्रदीप, अमित, रमेश, राजेश, गंगाराम, सुरेश, बिट्टू, दर्शन सिंह, बब्बल, विनोद, संदीप, संदीप स्वामी, सुनीता, काजल, पालो, गीता, किरण, बबली, रानी, मुनेश, रामेश्वरी, लक्ष्मी, प्रकाशी, सर्वती, शोभा, सरोज बाला, ममता, संगीता, नीलम, मुनेश, सपना आदि शामिल रहे।