सत्ता में आने पर उत्तर प्रदेश के कब्जे से उत्तराखंड की परिसंपत्तियों को वापस लिया जाएगा, किस पार्टी के नेता ने कहीं यह बात? देखें पूरी खबर

Listen to this article


हरिद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव यूकेडी प्रदेश में समस्त सीटों पर दल अपने प्रत्याशी उतारेगा । कहा कि जनपद हरिद्वार में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में अवश्य भाग लेगा। सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए श्री ऐरी ने कहा कि उक्रांद की मुख्य अवधारणा उत्तराखण्ड राज्य में सत्ता और शासन का विकेंद्रीकरण कर सरकार व शासन को जनता के नजदीक से नजदीक लाना है, ताकि जनता बिचैलियों द्वारा ठगी न जाये और जनता तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे। ऐरी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से बारी-बारी से उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस की सरकारें रही हैं। इन दोनों पार्टियों की सरकारों ने प्रदेश की जनता को गुमराह कर राज्य को बारी-बारी से लूटने का काम किया है। अब दिल्ली का एक दल उत्तराखंड में अपने पैर पसारने में लगा है। परन्तु अब उत्तराखंड की जनता बहकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्थापित उद्योगों में उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं की जगह अन्य प्रदेशों के युवाओं को रोजगार देना भी एक षडयंत्र है जिससे वोट बैंक पक्का किया जा सके। भू-कानून को लेकर ऐरी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल का नजरिया एकदम साफ है कि अगर वे सत्ता में आए तो किसानों की जोत की भूमि किसी प्रकार से भूमाफिया के कब्जे में नहीं जाने दिया जायेगा। ऐरी ने कहा कि उक्रांद के सत्ता में आने पर उत्तराखंड में बिजली की कीमत ऐसी होगी कि ऐसा लगेगा कि जैसे बिजली 500 यूनिट से ज्यादा मुफ्त हो। साथ ही उत्तराखंड में स्थापित उद्योगों में 80 प्रतिशत उत्तराखंड के बेरोजगारों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। छात्रों को अपने विद्यालय तक जाने के लिये बस का किराया नहीं देना होगा। राज्य में सरकारी नौकरियों में केवल उत्तराखंड के युवाओं को ही नौकरी दी जायेगी, जिससे लगभग हर परिवार के कम से कम एक सदस्य को राज्य सरकार के विभागों एवं उपक्रमों में नौकरी मिल जायेगी। ऐरी ने कहा कि सत्ता में आने पर उत्तर प्रदेश के कब्जे से उत्तराखंड की परिसंपत्ति को वापिस लिया जायेगा। प्रेस वार्ता में उक्रांद संरक्षक मंडल सदस्य डा. नारयण सिंह जंतवाल, केन्द्रीय सर्वोच्च सलाहाकर समिति सदस्य रवींद्र वशिष्ठ, केंद्रीय उपाध्यक्ष सरिता पुरोहित व चैधरी बृजवीर सिंह, जिलाध्यक्ष बल सिंह सैनी, जिला महामंत्री केंद्रीय कार्यकारिणी राजवीर सिंह, प्रियंका शर्मा, ललित बिष्ट, किशन मेहता आदि सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।