अल्मोड़ा जिला अस्पताल में स्वतंत्रता सेनानियों को मिला सम्मान

Listen to this article

यह पहल स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान और उनकी विरासत को बनाए रखने का एक उत्कृष्ट उदाहरण है

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिला अस्पताल की पर्चियों पर स्वतंत्रता सेनानियों पंडित हर गोविंद पंत और विक्टर मोहन जोशी का नाम अब स्थायी रूप से अंकित कर दिया गया है। यह उपलब्धि सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के अथक प्रयासों का परिणाम है।
पिछले वर्ष महिला अस्पताल के जिला अस्पताल में विलय होने के बाद, अस्पताल की पर्चियों से इन दोनों महापुरुषों का नाम हटा दिया गया था। इस गलती को संजय पाण्डे ने गंभीरता से लिया और विक्टर मोहन जोशी स्मारक समिति के साथ मिलकर अस्पताल प्रशासन पर दबाव बनाया।
अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.सी. गड़कोटी ने इस गलती को स्वीकारते हुए सुधार का आश्वासन दिया। संजय पाण्डे के लगातार प्रयासों के बाद, अस्पताल प्रशासन ने पर्चियों पर स्थायी रूप से दोनों स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित कर दिए।
संजय पाण्डे ने कहा, “यह केवल एक नाम भर नहीं है, बल्कि यह हमारी स्वतंत्रता संग्राम की धरोहर और इन सेनानियों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।”