हरिद्वार: प्रेमनगर आश्रम स्थित केनरा बैंक शाखा के बाहर आज शुक्रवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के बैनर तले बैंक कर्मचारियों ने एक दिवसीय हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया बैंक स्ट्राइक के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में क्षेत्र की विभिन्न बैंक शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर केंद्र सरकार व बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
केनरा बैंक परिसर के बाहर आयोजित सभा में वक्ताओं ने सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग लागू करने, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) के पारदर्शी वितरण और पेंशन अपडेशन जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय आह्वान पर की जा रही इस हड़ताल का मुख्य उद्देश्य बैंककर्मियों की लंबे समय से लंबित मांगों की ओर ध्यान आकर्षित करना है।
हड़ताल में दर्जनों बैंककर्मी रहे मौजूद
इस एक दिवसीय हड़ताल और प्रदर्शन में पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), केनरा बैंक, यूको बैंक (UCO), यूनियन बैंक (UBI) और उत्तराखंड बैंक एम्प्लॉइज (UBE) संघ से जुड़े कई प्रमुख अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रशांत सावल, मयंक तिवारी, स्मिता बधानी, शिवानंद चौहान, अंशिका गुप्ता, कीर्ति सिंह (सभी केनरा बैंक से), ज्योति थिंरवाल, राहुल, शिखा सिंह, श्रद्धा सिंह, चारू प्रिया, सोनिया (सभी बैंक ऑफ बड़ौदा से), दीपिका बिष्ट (यूनियन बैंक) सहित शोभित शाम, मयंक शर्मा, हिमांशु, राजपाल सिंह शाह, अनिल कुमार गुप्ता, रंजन कुमार, प्रियंका, नीता मिरवाल, पूनम रानी और नवीन उपस्थित रहे।
हड़ताल के कारण स्थानीय बैंक शाखाओं में लेन-देन और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित रहा, जिससे आम ग्राहकों को भी कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ा। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।















