देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार ‘पत्रकार कल्याण कोष’ (कॉरपस फंड) के तहत स्वर्गीय पत्रकार रामराजा के आश्रित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह और पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्यों ने दिवंगत पत्रकार की पत्नी श्रीमती शालू को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
सहायता राशि सौंपने के दौरान जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पत्रकारों और दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों की निरंतर मदद कर रही है। सरकार का यह कदम पत्रकारों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
समिति के सदस्य श्रीमती शशि शर्मा और अमित शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों तथा सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी की पहल पर पात्र पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को समय पर आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे संकट के समय जरूरतमंद परिवारों को काफी राहत मिल रही है।
इस अवसर पर पत्रकार बाल कृष्ण शर्मा, रवींद्र, प्रमोद कुमार, मोहन राजा समेत कई अन्य पत्रकार भी उपस्थित रहे।












