हरिद्वार। चर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण के बीच एक नया मोड़ सामने आया है। हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिनेत्री उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के महज 12 घंटे के भीतर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
संपत्ति पर कब्जे और 5 करोड़ रुपये मांगने का आरोप
पूर्व विधायक की पुत्री द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। आरोप है कि इसके अलावा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति को अपने नाम करवाने का दबाव बनाया गया। साथ ही 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीपुर पुलिस ने 24 अक्टूबर की रात शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर में दबिश दी और उर्मिला सनावर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी
पुलिस प्रशासन के अनुसार, गिरफ्तार अभिनेत्री को संबंधित न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले में लगाए गए सभी गंभीर आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।














