प्रदेश की पांचों सीटे जीतेगी कांग्रेस-हरेंद्र सिंह लाडी

हरिद्वार। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाडी ने प्रदेश सरकार से गन्ना मूल्य घोषित करने और मिलों पर बकाया किसानों का गन्ना भुगतान दिलाने की मांग की है। उन्होने कहा कि इस सरकार में किसानों का लगातार शोषण हो रहा है। अबकी बार अगामी चुनाव में भाजपा सरकार को किसान सबक सिखायेगी। गुरूवार को प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाडी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है। मिलों पर बकाया गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल गन्ना मूल्य घोषित कर मिलों पर बकाया गन्ने का भुगतान किसानों को दिलाए। साथ ही बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए और बिजली के बिल माफ किए जाएं। प्रैसवार्ता के दौरान हरेंद्र सिंह लाडी ने इरशाद अली को किसान कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष, करतार सिंह चौधरी को प्रदेश उपाध्यक्ष व सोनू कुमार को महानगर अध्यक्ष बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है। अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश की पंाचों सीटों पर जीत हासिल करेगी। रकित वालिया ने कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान रकित वालिया,अनिल भास्कर,हरद्वारी लाल,विमला पांडे,जतिन हांडा, विनोद कश्यप,अमन गर्ग,समर्थ अग्रवाल,राजेंद्र त्रिपाठी,आकिल,ए.डब्लयू खान,ब्रह्मचंद पाल,मोनू,नवदीप कंग आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने आन्नेकी हेत्तमपुर में रात्रि विश्राम कर सुनी समस्याएं

राशनकार्ड, शौचालय, जल भराव, पेंशन आदि की सूची बनाकर दिए निस्तारण के निर्देश
हरिद्वार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में सम्मिलित व चिन्हित कार्यक्रम सरकार जनता के द्वार के अन्तर्गत ग्राम आन्नेकी हेत्तमपुर का भ्रमण व निरीक्षण तथा रात्रि विश्राम किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से राशन कार्ड बनवाने, शौचालय बनवाने, जल भराव की समस्या,युवा पीढ़ी का नशे की ओर जाना,विरासत के मामले, विद्युत कनेक्शन दिलाने,मकान बनवाने के लिये आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्राम प्रधान की मदद से गांव में राशनकार्ड, शौचालय, जल भराव, पेंशन आदि से सम्बन्धित समस्याओं की सूची तैयार कर निराकरण करने के निर्देश दिए। युवा पीढ़ी के नशे की ओर रूझान के सम्बन्ध में चिन्ता व्यक्त करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि ड्रग्स कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए युवाओं को जागरूक भी किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा आवास की मांग किए जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीणों को घर दिलाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने लेखपाल पटवारी को विरासत के मामलों का तीन दिन में निस्तारण करने तथा जलभराव तथा कब्रिस्तान की बाउण्ड्री कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी न किसी मद से इसके लिए धनराश्ज्ञि उपलब्ध करायी जाएगी। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में जितने भी प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये हैं,उन सबका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जायेगा तथा सभी प्रार्थना पत्रों को सीएम पोर्टल में भी दर्ज किया जायेगा। शासन स्तर से समाधान होने तक प्रार्थना पत्रों की मॉनिटरिंग होती रहेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पीएल शाह,सचिव एचआरडीए उत्तम सिंह चौहान,एसडीएम पूरण सिंह राणा,निदेशक जिला विकास अभिकरण केएन तिवारी,जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश,डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह,जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा,जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री सुलेखा सहगल,बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल,ग्राम प्रधान आन्नेकी हेतमपुर सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
15 लीटर कच्ची शराब समेत दो दबोचे

हरिद्वार। शराब, स्मैक,चरस, गांजा आदि का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बहादराबाद पुलिस ने दो तस्करों को कच्ची शराब समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी अमितपाल पुत्र रामपाल व लोकेश पुत्र सोमपाल निवासी दौलतपुर बहादराबाद के कब्जे से 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की गयी है।
बाईक चोरी में दो गिरफ्तार

हरिद्वार। थाना कनखल पुलिस ने चोरी की मोटरसाईकिल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत पुत्र गुलाब सिंह निवासी बाईपास रोड़ बिल्केश्वर मंदिर ने जमालपुर से उनकी बाईक चोरी कर लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान बैरागी कैम्प बजरीवाला से सुरजीत पुत्र ध्रुवपाल निवासी ग्राम बक्सैना थाना हजीतपुर जिला बदायूं यूपी व पंचम पुत्र रामकुमार निवासी निकट शिव मन्दिर ताडगंज आउला जिला बरैली यूपी को चोरी की गयी बाईक समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा,एसआई उपेंद्र सिंह, कांस्टेबल सतेन्द्र रावत व बलवंत सिंह शामिल रहे।
हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया ईद उल अजहा का त्यौहार

हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर सहित आस पास के क्षेत्रों में ईद उल अजहा का त्यौहार हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। मौलाना वाहिद ने ईदगाह में ईद की नमाज अदा कराई। ज्वालापुर के अलावा पंचपुरी की विभिन्न मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की,खुशहाली एवं अमनो चैन की दुआएं मांगी। ईदगाह में नमाज अदा कराने के दौरान मौलाना आरिफ ने कहा कि मुस्लिम धर्म समुदाय के लोग बड़ी शान ओ शौकत के साथ जानवरों की कुर्बानी देते हैं। प्रत्येक मजहब के लोग अपने अपने तौर तरीकों से त्योहारों को मनाते हैं। उन्होंने कहा कि त्यौहार अमन भाईचारे का पैगाम देते हैं। प्यार मोहब्बत के साथ देश की एकता अखंडता बनाए रखें और मिलकर देश को मजबूती प्रदान करें। ईदगाह कमेटी के सदर हाजी इरफान अंसारी एवं सचिव नईम कुरैशी ने देश एवं प्रदेशवासियों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि हजरत इब्राहिम के समर्पण एवं बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। हजरत इब्राहित अपने बेटे इस्माइल को भी खुदा ताला की राह में कुर्बान करने से भी पीछे नहीं हटे और अपने रब की आजमाइश में खरे उतरे थे। हाजी नईम कुरैशी ने कहा कि अपने पड़ोसियों का विशेष ध्यान रखें गरीब मिस्कीन की मदद के लिए हमेशा तैयार रहें। उन्होंने कहा कि त्यौहार गंगा जमुनी तहजीब का संदेश देते हैं। एकता भाईचारे का संदेश देते हुए त्योहारों को मनाए। हाजी नईम कुरैशी ने ईद उल अजहा की बधाई देते हुए कहा कि कुर्बानी का दिन है। अपने वतन के लिए भी हर कुर्बानी के लिए तैयार रहना चाहिए। मुल्क में भाईचारा इत्तेफाक बनाए रखें। देश की उन्नति एकता भाईचारे से ही हो सकती है। देश की उन्नति का मार्ग एक रहने में ही है। उन्होंने जिलाधिकारी,एसएसपी व नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों का आभार भी जताया। हाजी रफी खान, छम्मा ठेकेदार, इसरार सलमानी ने कहा कि ईद उल अजहा पर्व पर रब का बंदा अल्लाह की राह में कुर्बानी पेश करता है। कुर्बानी का बहुत बड़ा महत्व है। रिश्तेदारों, दोस्तों एवं गरीब असहाय निर्धन लोगों का विशेष ध्यान रखें। पर्व एकता भाईचारे सौहार्द का संदेश देते है। मौलाना आरिफ,सोहेल अख्तर,मास्टर साजिद,हाजी शहाबुद्दीन अंसारी,शाहनवाज अब्बासी,रियाज अंसारी, जाफिर अंसारी आदि ने भी ईद की मुबारकबाद दी।
18 भुजाओं वाली मां भगवती शक्ति का अवतार हैं-स्वामी हरिचेतनानंद

हरिद्वार। कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि शक्ति स्वरूपा मां भगवती ही जगत की जननी है। श्रद्धा और विश्वास के साथ की गयी मां भगवती की आराधना और पूजा अर्चना से व्यक्ति का जीवन भवसागर से पार हो जाता है। खड़खड़ी स्थित निर्धन निकेतन आश्रम में आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज के संयोजन में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का श्रवण कराते हुए स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि देश में मां भवगती की 52 शक्ति पीठ हैं। 18 भुजाओं वाली मां भगवती शक्ति का अवतार हैं। सभी ग्रंथों में श्रेष्ठ श्रीमद् देवी भागवत का आयोजन और श्रवण दोनों ही कल्याणकारी हैं। श्रीमद् देवी भागवत का श्रवण और मनन करने से व्यक्ति के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। भगवती की कृपा से सभी सुखों की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि मां भगवती के सभी नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना करने के साथ देवी स्वरूपा कन्याओं के संरक्षण संवर्द्धन का संकल्प भी सभी को अवश्य लेना चाहिए। कन्याओं का संरक्षण संवर्द्धन करने के साथ उन्हें शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर भी उपलब्ध कराएं। निर्धन निकेतन आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषि रामकृष्ण ने कहा कि सदैव परमार्थ के लिए समर्पित रहने वाले संतों का उद्देश्य मानव कल्याण है। श्रीमद्देवी भागवत महापुराण कथा के प्रभाव से श्रद्धालु भक्तों के कष्ट दूर होंगे और मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि मां भगवती सदैव भक्तों का कल्याण करती है। सभी को भगवती की कृपा प्राप्त करने के लिए धर्मानुकुल आचरण करते हुए मानव कल्याण में योगदान करना चाहिए। इस अवसर पर स्वामी शिवानंद,सतपाल ब्रह्मचारी,महंत शिवम गिरी,पंडित अमित थपलियाल,ट्रस्टी नरेंद्र कपूर ,विजय सिंहला,जीवन गोयल,प्रेमदत्त,ज्ञानचंद, सीता देवी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।












