दिन दहाड़े महिला की हत्या से फैली सनसनी,पुलिस अधिकारी मौके पर

Listen to this article


पुलिस का दावा, जल्द होगा मामले का खुलासा

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत उत्तरी हरिद्वार के रानी गली भूपतवाला में शुक्रवार को घर में घुसकर एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। प्रथम दृष्टया मामला लूट के इरादे से हुई बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए अधीनस्थों को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार नगर कोतवाली के भूपतवाला क्षेत्र के मुखिया गली में पेशे से टेलरिंग का काम करने वाले महेश सैनी परिवार के साथ रानी गली में रहते हैं। रोज की तरह शुक्रवार को भी सुबह वह दुकान पर गए थे। बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा है बड़ा बेटा अभय सैनी कॉलेज चला गया था। छोटा बेटा जय सैनी शहर में ही एक विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहता है। बड़ा बेटा जब दोपहर में कॉलेज से घर वापस लौटा तो घर के दरवाजे पर कुंडी लगी थी। अंदर जाने पर उसने देखा कि उसकी मां ममता सैनी 41 वर्ष जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। नाक और मुंह से खून निकल रहा था, पास में ही एक चुन्नी पड़ी हुई थी। घर में सामान भी बिखरा था। उसने पिता को फोन किया, परिवारवाले तत्काल ममता सैनी को जिला अस्पताल लेकर गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। घर में घुसकर महिला की हत्या कर देने की सूचना मिलती ही पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया।उन्होने अधिनस्थों को जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी के अनुसार हत्या के मामले में लूट सहित अन्य सभी एंगल पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा।