बड़ी खबर: प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की पांचों सीटों पर कमल खिलाने की अपील की

Listen to this article

धामी सरकार मेहनत कर शानदार काम कर रही है – नरेंद्र मोदी

ऋषिकेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज  उत्तराखंड के ऋषिकेश में चुनावी रैली को  गढ़वाली भाषा में संबोधित करते हुए कहा सबी दाणा  सयानू दीदी ,भुली, चाचा, बडियों तै मेरू प्रणाम। पीएम के मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाद्ययंत्र हुड़का भेंट कर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। पीएम ने स्वयं हुड़का बजाकर उपहार स्वीकार किया। पीएम ने कहा कि आज वो हिमालय की गोद में बाबा बदरी विशाल और बाबा केदार के चरणों में हूं और यहां भी वो लहर महसूस कर रहे हैं, जो देश के अन्य हिस्सों में है। पीएम मोदी ने कहा कि देश के लोगों ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार का काम देखा है। आज देश में ऐसी सरकार है जिसने बीते 10 वर्षों में भारत को पहले से मुकाबले कई गुना मजबूत कर दिया है। इसी मजबूत सरकार ने सात दशक बाद जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म करने का साहस लिया, तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाया, महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण देने के साथ ही सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिया।

उन्होंने कांग्रेस को कमजोर सरकार बताते हुए पीएम ने कहा कि जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार आई है तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया है। उन्होंने कहा कि, अगर कांग्रेस की सरकार होती तो वन रैंक-वन पेंशन कभी भी लागू नहीं होता। हमने यह गारंटी दी थी और इसे पूरा करके दिखाया। 
उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों को देश का प्रथम गांव मानकर उनका विकास किया जा रहा है। जिस गांवों को कांग्रेस अंतिम गांव कहती थी। भाजपा सरकार उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ ही रोडवेज, रेलवे और एयरवेज की लगातार सुविधा बढ़ाते जा रहे हैं। यह इसलिए हो रहा है क्योंकि भाजपा की नीयत सही है और जब नीयत सही होती है तो नतीजे भी सही मिलते हैं।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में धामी सरकार मेहनत कर शानदार काम कर रही है। इस तरह राज्य सरकार की खुलकर तारीफ कर पुष्कर सिंह धामी की पीठ थपथपाई।  अन्त में पीएम मोदी ने उत्तराखंड की पहचान ब्रह्मकमल से जुड़ी हुई बताते हुए पांचों सीटों पर कमल खिलाने अपील की।