जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग ने किया योगाभ्यास सत्र का आयोजन

Listen to this article


योग सभी को एक सूत्र में पिरोता है

हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से कनखल स्थित सती घाट पर योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। यूनानी अधिकारी डा.स्वास्तिक सुरेश और नोडल अधिकारी डा.अवनीश उपाध्याय के संयोजन एवं डा.नवीन कुमार दास और डा..अश्वनी कौशिक के नेतृत्व में योग अनुदेशक निकुंज उपाध्याय एवं निशा भट्ट द्वारा योग अभ्यास कराया गया। इस दौरान अश्वमेध हेल्थ एंड वैलनेस संस्थान की योगाचार्य एवं प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डा.रुचिता उपाध्याय भी मौजूद रही। योगाचार्य निकुंज उपाध्याय ने कहा कि कहा योग सभी को एक सूत्र में पिरोता है और यह सभी प्रकार की बाधाओं को दूर करने में मदद करता है। योग के इस अंतर्निहित गुण के कारण विश्व समुदाय में इसकी स्वीकृति में लगातार वृद्धि हुई है। आज पूरी दुनिया योग को समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के अचूक साधन के रूप में स्वीकार कर रही है। योग अभ्यास कार्यक्रम में 50 से अधिक योग साधक सम्मिलित हुए। ऑनलाइन स्ट्रीमिंग से उत्तराखंड के समस्त जनपदों के योग साधकों ने भी कार्यक्रम का लाभ उठाया। योग साधिका रुचिता उपाध्याय ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम महिला सशक्तिकरण के लिए योग है। योग महोत्सव 2024 का लक्ष्य योग के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। योग महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी शारीरिक,मानसिक,भावनात्मक,सामाजिक और आध्यात्मिक ज़रूरतों को पूरा करने के लिए एक व्यापक उपकरण के रूप में कार्य करता है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा.स्वास्तिक सुरेश ने सभी योग साधकों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि योग स्वस्थ मन और शरीर के लिए अमृत समान है। कार्यक्रम में डा.एसके त्रिपाठी, डा.सौरभ प्रकाश त्रिपाठी,डा.वीरेंद्र रावत,डा.आरती पाठक,डा.रेनू सिंह,अजयवीर सिंह नेगी,सुदेश कुमार,प्रिंस कुमार,पवन चौहान,पंकज कुमार,केके तिवारी,राजेश गुप्ता,सुनील कुमार,अमित कुमार, अनारा देवी आदि ने सहयोग प्रदान किया।