हरिद्वार में जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में जन समस्याओं का किया निस्तारण

Listen to this article


हरिद्वार/रुड़की: जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण करवाया। शेष मामलों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
दौलतपुर हजरतपुर के ऋषिपाल ने चकबंदी विभाग द्वारा भूमि पैमाइश न किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने इसे 7 दिनों के भीतर निपटाने के आदेश दिए। सिसोना निवासी इलमचंद ने ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। बंजारेवाला के भानूप्रताप सिंह ने रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने संयुक्त टीम गठित कर रास्ते को खाली करवाने के आदेश दिए।
अकबरपुर कालसो के बुरहान ने जलभराव की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। अकबरपुर काजी के ग्रामीणों ने पानी की टंकी और पेयजल लाइन बनने के बावजूद पानी न मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लें और जल्द से जल्द उनका निवारण करें।

जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी

हरिद्वार: जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंगलौर और लंढौरा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक रूम में एंटी रेबीज इंजेक्शन की कमी पाई और संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ऑनलाइन रिकॉर्ड में एंटीवेनम इंजेक्शन की संख्या अधिक दिखाई देने पर नाराजगी व्यक्त की और जांच के आदेश दिए। उन्होंने मरीजों से बातचीत की और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया।
जिलाधिकारी ने चिकित्सालय की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया और डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की प्रशंसा की। उन्होंने चिकित्सालय में विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
लंढौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिलाधिकारी ने विद्युत पेनल को कवर करने और चिकित्सालय के बाहर झाड़ियां साफ करने के निर्देश दिए।