
डोईवाला (सूवि) : आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता समिति के तत्वाधान में पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में मां गंगा की स्वच्छता और ड्रग्स मुक्त उत्तराखंड को लेकर एक जागरूकता रैली और गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और मां गंगा और सहायक नदियों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ ड्रग्स मुक्त उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डोईवाला, अनिल जोशी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए युवाओं को आगे आकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद कर रहा है और हमें इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंधक मनोज नौटियाल ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है और अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों को इस बुराई से दूर रखने के लिए प्रयास करने चाहिए।
संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने संस्था द्वारा गंगा स्वच्छता, ड्रग्स मुक्त उत्तराखंड, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक कार्यों के बारे में जानकारी दी।
गोष्ठी के बाद डोईवाला नगर क्षेत्र में एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।













