अल्मोड़ा में होली के रंग, कानूनी जागरूकता के संग

Listen to this article

अल्मोड़ा: रंगो के त्योहार होली के अवसर पर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा ने नंदादेवी अल्मोड़ा में एक अनोखे जागरूकता शिविर का आयोजन किया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य होली के उमंग के साथ-साथ लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शचि शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में खड़ी होली से महोत्सव का शुभारंभ किया और द्वीप प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने उपस्थित जनता को मुफ्त कानूनी सहायता और अन्य कानूनी जानकारियां प्रदान कीं। इस अवसर पर, उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
महिला कल्याण संस्थान की अध्यक्ष रीता दुर्गपाल भी शिविर में उपस्थित थीं, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।
शचि शर्मा ने नंदादेवी परिसर में लगे कानूनी सहायता स्टाल का निरीक्षण किया और जनता को दी जा रही सलाह और सहायता का जायजा लिया। स्टाल पर अधिकार मित्र भावना तिवारी और पंकज भगत उपस्थित थे, जिन्होंने लोगों की कानूनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस महोत्सव में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे यह आयोजन और भी खास बन गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल ने होली के त्योहार को न केवल रंगों का उत्सव बनाया, बल्कि कानूनी जागरूकता का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बनाया।