मुख्यमंत्री की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात: विमानन क्षेत्र के विकास और हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने पर चर्चा

Listen to this article

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु से भेंट कर राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास और हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक के दौरान गौचर और चिन्यालीसौड़ हेलीपैड को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही उन्होंने जौलीग्रांट और नैनीसैनी एयरपोर्ट के वॉच आवर्स बढ़ाने की आवश्यकता को रेखांकित किया। पिथौरागढ़ की रणनीतिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के अंतर्गत नैनीसैनी एयरपोर्ट से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे हेतु 42 से 48 सीटों वाली नियमित विमान सेवा शुरू करने का अनुरोध भी किया।
मुख्यमंत्री ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं के विस्तार और पिथौरागढ़ को धारचूला एवं मुनस्यारी जैसे सीमांत क्षेत्रों से हवाई सेवाओं के माध्यम से जोड़ने का सुझाव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। साथ ही उन्होंने जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार कार्यों में तेजी लाने तथा देहरादून से नागपुर के लिए हवाई सेवा शुरू करने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री को चारधाम यात्रा हेतु देवभूमि उत्तराखंड आमंत्रित किया और राज्य के सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए उनका हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी के नए द्वार खुल रहे हैं, जिससे राज्य के पर्यटन, व्यापार और आपदा प्रबंधन को मजबूती मिल रही है।