उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपक सेठ ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए हरिद्वार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सिडकुल क्षेत्र में प्रस्तावित नए थाने का शिलान्यास किया और यात्री पंजीकरण केंद्र ऋषिकुल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने चमगादड़ टापू में बनाए गए यात्री विश्राम गृह और पार्किंग का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को वहां सुरक्षा और खानपान की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
हरिद्वार के सीसीआर में आयोजित एक बैठक में, डीजीपी ने गढ़वाल के आईजी राजीव स्वरूप और हरिद्वार के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ आगामी चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना की समीक्षा की। एसएसपी हरिद्वार ने यात्रा को सुगम बनाने के लिए अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
डीजीपी ने हरिद्वार को चारधाम यात्रा का मुख्य द्वार बताते हुए सुगम यात्रा के लिए हरिद्वार पुलिस के प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्तरों पर हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी जानकारी सभी पुलिसकर्मियों को होनी चाहिए।
प्रशासन द्वारा बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जो समय-समय पर कंट्रोल रूम को स्थिति से अवगत कराएगा। आकस्मिक स्थितियों के लिए प्रभावी यातायात योजनाएं जारी की जाएंगी, जिसकी जानकारी संबंधित जिलों को भी दी जाएगी। डीजीपी ने अधिकारियों को यात्रियों की किसी भी कॉल का तुरंत जवाब देने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। पर्यटन पुलिस केंद्रों पर तैनात कर्मी लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों को जानकारी प्रदान करते रहेंगे, और चारधाम यात्रा वाले जिलों के कंट्रोल रूम आपस में लगातार संपर्क में रहेंगे। यातायात का दबाव बढ़ने पर सभी जिले सक्रिय हो जाएंगे और उसके अनुसार यातायात योजना लागू करेंगे।
डीजीपी ने चारधाम यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर चलने वाली भ्रामक खबरों का तुरंत खंडन करने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कंधे से कंधा मिलाकर काम करने और यात्रियों की समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया।
बैठक के बाद, डीजीपी ने कंट्रोल रूम का दौरा किया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे जिले की स्थिति का जायजा लिया और कमियों को दूर करने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
2025-04-29













