हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश: 1 महिला सहित 3 गिरफ्तार

Listen to this article

खटीमा (उत्तराखंड): उधम सिंह नगर जनपद में पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है । यह गिरोह लोगों को महिलाओं के माध्यम से फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बना लेता था और फिर लोक-लाज व सामाजिक प्रतिष्ठा का भय दिखाकर उनसे धन वसूल करता था।
ऐसे हुआ गिरोह का खुलासा
पुलिस को यह सफलता 23 मई 2025 को एक पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के बाद मिली। पीड़ित ने खटीमा कोतवाली पुलिस को बताया कि उसे हनी ट्रैप में फंसाकर डेढ़ लाख रुपये नकद और अन्य सामान जबरन वसूल लिया पीड़ित के अनुसार, एक महिला उसे बहला-फुसलाकर एक अज्ञात स्थान पर ले गई, जहाँ उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया गया. इसके बाद उसे ब्लैकमेल कर पैसे और सामान की वसूली की गई।
पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसएसपी के निर्देश पर कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया । जांच के दौरान, पुलिस ने इलाके में लगे लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और पीड़ित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों की गहनता से जांच की। इन सभी प्रयासों के बाद, पुलिस ने 1 जून 2025 को नानकमत्ता गला बाग मच्छी झाला इलाके से एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजेंद्र सिंह उर्फ राजू लंगड़ा (निवासी भड़ा भुडिया थाना खटीमा), गुरदयाल सिंह उर्फ बग्गी (निवासी बिडोरा मझोला थाना नानकमत्ता) और एक महिला (निवासी भड़ा भुडिया थाना खटीमा) के रूप में हुई है । पुलिस टीम ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं ।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
खटीमा कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने पर पता चला कि इनके खिलाफ खटीमा, नानकमत्ता और सितारगंज थानों में पहले से ही आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और अनैतिक देह व्यापार सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं । पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कई अन्य लोगों के आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है ।
चार अन्य मामले आए सामने
पुलिस जांच में अभी तक इस गिरोह द्वारा ब्लैकमेलिंग के चार अन्य मामले भी सामने आए हैं । यह गिरोह लोगों को महिलाओं के माध्यम से फंसाकर उनके मोबाइल के जरिए आपत्तिजनक वीडियो बना लेता था और फिर समाज में बदनामी के डर से उनसे पैसे वसूलता था ।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ खटीमा कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है । पुलिस का कहना है कि वे इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे ।