हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के दौरान संदिग्धों की निगरानी करते हुए रेलवे पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो पागल का भेष बनाकर घूम रहा था। यह व्यक्ति उत्तर प्रदेश का हिस्ट्रीशीटर निकला, जिसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं और उसे जिलाबदर भी किया गया था।
रेलवे पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट के निर्देशों पर, रुड़की जीआरपी चौकी प्रभारी प्रीति कर्णवाल अपनी टीम (हेड कांस्टेबल सतवीर सिंहसिंहसिंहसिंह, अनिरुद्ध त्यागी और कांस्टेबल अभिषेक) के साथ प्लेटफार्म पर गश्त कर रही थीं। इस दौरान, उनकी नज़र एक ऐसे व्यक्ति पर पड़ी जिसकी गतिविधियाँ विक्षिप्त जैसी लग रही थीं, लेकिन पुलिस को उसकी चाल-ढाल संदिग्ध लगी।
काफी देर तक उस पर नज़र रखने के बाद, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक छुरा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक शुक्ला निवासी कुम्हारन टोला, थाना गोला गोकर्णनाथ, जनपद लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश बताया।
जीआरपी ने जब उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया, तो पता चला कि अभिषेक शुक्ला यूपी पुलिस का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। उसे उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जिलाबदर भी किया गया था।
लक्सर जीआरपी थानाध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी अभिषेक शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
2025-07-13













