कावड़ यात्रा 2025: हरिद्वार पुलिस का तीसरा दिन, देखें पूरी खबर

Listen to this article

हरिद्वार में चल रहा कांवड़ मेला अपने चरम पर है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं. एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है, और प्रशासन लगातार स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है ।

कांवड़ यात्रा मोबाइल ऐप लॉन्च
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद कांवड़ यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए ‘कांवड़ यात्रा मोबाइल ऐप’ लॉन्च किया गया है। यह ऐप श्रद्धालुओं को स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगा।
व्यवस्थाएं चाक-चौबंद, कांवड़ यात्री खुश
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल लगातार विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। पेय जल, शौचालय, स्नान, सफाई, चिकित्सा, और विद्युत जैसी सुविधाओं की कांवड़ियों द्वारा खूब प्रशंसा की जा रही है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

सुरक्षा के लिए तीसरी आँख की निगरानी

कांवड़ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से 24×7 निगरानी की जा रही है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ संबंधित विभागों के कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है।

स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

नगर निगम हरिद्वार ने सफाई व्यवस्था के लिए 1650 पर्यावरण मित्र और सफाई कर्मचारियों को तैनात किया है। 215 डस्टबिन, 90 कूड़ा वाहन, 180 टिनशेड शौचालय, 58 सार्वजनिक शौचालय, 8 स्मार्ट शौचालय, 40 मोबाइल शौचालय और 120 अस्थायी शौचालय लगाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 29 अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 89 डॉक्टर, 117 फार्मासिस्ट और 150 अन्य पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद हैं। कुल 66 एम्बुलेंस भी उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, प्रकाश व्यवस्था के लिए 100 जनरेटर और 7500 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।

एसएसपी ने खुद लिया जायजा, बांटे फल और बिस्किट

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने स्वयं चंडीचौक से सिंहद्वार, जटवाड़ा पुल और बहादराबाद तक विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक और पैदल कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की और उन्हें शीतल पेय, बिस्किट और फल वितरित कर शांति और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी पानी, जूस और फल बांटे।

पुलिस ने मीडिया से मांगा सहयोग

पुलिस प्रशासन ने मीडिया से सहयोग की अपील की है कि वे किसी भी घटना की सत्यता की पुष्टि करने के बाद ही जानकारी प्रसारित करें ताकि भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोका जा सके. पुलिस ने मीडिया सेल से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया है।

नाबालिग बालिका को परिजनों से मिलाया

12 जुलाई को श्यामपुर थाना पुलिस ने कांवड़ मेले के दौरान कांगड़ी में फंसी एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को उसके परिजनों से मिलवाया। बालिका मुरादनगर, गाजियाबाद से बिना बताए हरिद्वार आ गई थी। पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद उसके परिजनों का पता लगाया और बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

“ऑपरेशन कालनेमी” के तहत 6 ढोंगी गिरफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में “ऑपरेशन कालनेमी” चलाया जा रहा है। हरिद्वार पुलिस ने इस अभियान के तहत साधु-संतों का वेश धारण कर लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले 6 ढोंगियों को कलियर और मंगलौर क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है।

तोड़फोड़ करने वाले तीन कांवड़िये गिरफ्तार

बहादराबाद थाना पुलिस ने हंगामा और तोड़फोड़ के मामले में तीन कांवड़ियों – वीरेंद्र (सुल्तानपुर, दिल्ली), गोविंद कुमार (टेढ़ी, मथुरा) और सुमित (चोन डेरे, बुलंदशहर) को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दुर्घटना में घायल कांवड़िए को पुलिसकर्मियो ने निजी वाहन से भिजवाया अस्पताल

हरिद्वार: कांवड़ मेले में उमड़ी कावंड़ियों की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाने के साथ पुलिस मदद्गार की भूमिका भी बखूबी निभा रहे हैं। चण्डी पुल के पास एक कार व कंांवड़ियों की मोटरसाइकिल के बीच टक्कर में एक कांवड़िया घायल हो गया। मौके पर मौजूद सीपीयू पुलिसकर्मियों ने मानवीयता दिखाते हुए घायल कांवड़िए को अपने निजी वाहन से अस्पताल भिजवाया। यातायात में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो। इसके लिए दुर्घटनाग्रस्त कार व मोटर साइकिल को रोड़ी बेलवाला चौकी में खड़ा करवा दिया। कांवड़िए की पहचान रजत पुत्र सोमपाल निवासी नूरपुर बिजनौर यूपी के रूप में हुई है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बतायी जा रही है।