हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने किया सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन

हरिद्वार: ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने ग्राम बनवाला में लगभग 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग टाइल सड़कों के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास करना उनकी प्राथमिकता है और इन सड़कों के बनने से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। इस दौरान प्रधान नासिर, सचिन सैनी, अशोक सैनी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
शिवसैनिकों ने कांवड़ियों को बांटे फल
हरिद्वार। शिवसेना यूबीटी के जिला प्रमुख विशाल शर्मा के नेतृत्व में शिव सैनिकों ने कांवड़ से लौट रहे शिव भक्तों को फल वितरित किए। विशाल शर्मा ने कहा कि कांवड़ मेला आस्था का प्रतीक है और कांवड़ियों की सेवा करना सभी का दायित्व है। फल वितरण करने वालों में मोहित गुर्जर, मनोज कुमार, सीताराम प्रजापति सहित कई शिवसैनिक शामिल थे।

एसके सैनी आस्था हेल्प फाउंडेशन का कांवड़ सेवा शिविर संपन्न

हरिद्वार: सामाजिक संस्था एसके सैनी आस्था हेल्प फाउंडेशन द्वारा रूड़की रोड पर आयोजित चार दिवसीय विशाल कांवड़ सेवा शिविर और भंडारा शनिवार को संपन्न हो गया। इस शिविर का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी यतिंद्रानंद गिरी, मुनीश सैनी और डॉ. विशाल गर्ग ने किया था। संस्था के मीडिया प्रभारी विश्वास सक्सेना ने बताया कि फाउंडेशन कई वर्षों से सामाजिक कार्य कर रही है, जिसमें कुष्ठ रोगियों के लिए राशन, निर्धन कन्याओं का विवाह, चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर प्रमुख हैं। इस वर्ष भी सावन में कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।

सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत

हरिद्वार: हरिद्वार के सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़े विकास के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। लखनऊ में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने इकबालपुर-नागल सिंचाई परियोजना को केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के समक्ष शीघ्र प्रस्तुत करने का अनुरोध किया। उन्होंने लिब्बरहेड़ी नहर पर स्थित क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण की आवश्यकता पर भी ध्यान आकर्षित कराया, जिससे किसानों को भारी असुविधा हो रही है।

विधायक आदेश चौहान ने पावरलिफ्टर संगीता राणा को किया सम्मानित

हरिद्वार: रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने जापान में एशियन अफ्रीकन पैसिफिक ओपन बेंचप्रेस चैंपियनशिप में दो रजत पदक जीतने वाली अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टर संगीता राणा को उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। विधायक चौहान ने संगीता राणा की कड़ी मेहनत और संकल्प की सराहना की और उन्हें आर्थिक सहायता दिलाने के हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया। संगीता राणा ने बताया कि वह अगले महीने केरल में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हैं, जिसके आधार पर राष्ट्रमंडल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा। इस अवसर पर कई पार्षद और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।