हरिद्वार, उत्तराखंड: हरियाणा के मंडी आदमपुर स्थित सीसवाल धाम शिव कांवड़ संघ हरिद्वार से लगभग 18 किलोमीटर दूर बहादराबाद में हर साल की तरह इस वर्ष भी 10 दिवसीय विशाल भंडारा लगा रहा है. पिछले 20 सालों से आयोजित हो रहे इस भंडारे में प्रतिदिन 25-30 हजार कांवड़िये भगवान भोलेनाथ का प्रसाद ग्रहण करते हैं. यह भंडारा लगातार 10 दिनों तक 24 घंटे चलता है और इसकी खासियत आदमपुर का मशहूर देशी घी का हलवा है, जिसे हर समय प्रसाद के रूप में बांटा जाता है.
भोजन प्रसाद के साथ-साथ मेडिकल सेवाएं, रहने, स्नान, शौच और सोने की भी व्यवस्था की जाती है. भंडारे में उपयोग होने वाले राशन सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा जांच और सैंपल लिए जाते हैं.
सीसवाल धाम शिव मंदिर कमेटी के प्रधान घीसाराम जैन ने बताया कि अब तक 10 लाख से अधिक कांवड़िये भोजन प्रसाद ग्रहण कर चुके हैं. भंडारे में रोजाना करीब पांच क्विंटल देशी घी का हलवा और 15 क्विंटल चावल के साथ 2-3 तरह की सब्जी, पूरी और चपाती तैयार की जाती है. आदमपुर सहित विभिन्न स्थानों से सैकड़ों सेवादार अपनी सेवाएं देने आते हैं. भंडारे में साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों का भी आगमन होता है.
हाल ही में, प्रधान घीसाराम जैन और आदमपुर व्यापार मंडल से तरसेम गोयल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की. उन्होंने मुख्यमंत्री को हरियाणा के सीसवाल गांव में स्थित साढ़े 700 साल से अधिक पुराने प्राकृतिक शिवलिंग वाले मंदिर के बारे में जानकारी दी और उन्हें सीसवाल धाम आने का निमंत्रण दिया. साथ ही, उन्होंने बहादराबाद में आयोजित किए जा रहे इस विशाल भंडारे और हजारों कांवड़ियों द्वारा प्राचीन शिवालय मंदिर में जलाभिषेक करने के बारे में भी अवगत कराया.
महाशिवरात्रि के अवसर पर, 22 जुलाई को सीसवाल धाम में भगवान भोलेनाथ का अर्धनारीश्वर के रूप में विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जिसके लिए भक्त इंदौर, जयपुर और हरिद्वार से आएंगे. शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर भव्य जागरण और अगले दिन विशाल मेला लगाया जाएगा. मेला संयोजक राकेश शर्मा ने बताया कि 22 जुलाई की शाम को भजन संध्या के बाद कांवड़ें चढ़ाई जाएंगी. इस कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा मुख्य अतिथि होंगे, और जेपी मिंडा ग्रुप के चेयरमैन अश्वनी मिंडा अध्यक्षता करेंगे. 23 जुलाई को मंदिर प्रांगण में करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाली आधुनिक धर्मशाला की नींव रखी जाएगी, जिसमें हरिद्वार के साधु-संतों को भी आमंत्रित किया गया है.
2025-07-21













