सरकार जनता के द्वार: मानकपुर आदमपुर में पेयजल समस्या का तत्काल समाधान के निर्देश

Listen to this article

हरिद्वार। “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत, परियोजना निदेशक, डीआरडीए, कैलाश नाथ तिवारी ने विकासखंड भगवानपुर के गांव मानकपुर आदमपुर का दौरा किया और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इस दौरान, अनुसूचित जाति की बस्ती में जल जीवन मिशन योजना के तहत नलकूपों की खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति की प्रमुख समस्या सामने आई। श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल इसे ठीक करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में पेंशन, राशन, विद्युत और स्वास्थ्य जैसी अन्य योजनाएं सुचारू पाई गईं। प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र के भवन भी सुरक्षित मिले। हालांकि, शहीद स्मारक के पास गंदगी पाए जाने पर परियोजना निदेशक ने ग्राम पंचायत अधिकारी को तत्काल कूड़ा निस्तारण और पूरे गांव में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही बड़े तालाब को भी स्वच्छ रखने का निर्देश दिया।