गंगा मैया के उद्घोष के साथ दुग्ध की होली, मुलतान जोत महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

Listen to this article

हरिद्वार: अखिल भारतीय मुलतान संगठन द्वारा हरिद्वार के हर की पैड़ी पर 115वां श्री मुलतान जोत महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस महोत्सव में पंजाब, दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसका रास्ते में जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। शोभायात्रा के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा के साथ दुग्ध की होली खेली और गंगाजल डालकर स्नान किया। इस दौरान पिचकारियों से दूध और गंगाजल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं ने ‘हर हर गंगे’ के जयकारे लगाए।
मुलतान समाज की 113 साल पुरानी परंपरा
अखिल भारतीय मुलतान संगठन के अध्यक्ष महेंद्र नागपाल ने इस परंपरा के इतिहास के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1911 में बंटवारे से पहले पाकिस्तान के मुलतान शहर के एक भक्त रूपचंद ने भाईचारे और शांति की कामना के लिए पैदल चलकर हर की पैड़ी तक की यात्रा की थी और गंगा में जोत अर्पित की थी। तब से हर साल मुलतान समाज इस परंपरा को निभाते हुए यहां आता है, मां गंगा के साथ दूध की होली खेलता है और गंगा में जोत प्रवाहित करता है।
फिल्मी सितारों के हमशक्ल रहे आकर्षण का केंद्र
इस महोत्सव में कई फिल्मी सितारों के हमशक्ल भी शामिल हुए, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने रहे। अमिताभ बच्चन, बाबा रामदेव और अक्षय कुमार के डुप्लीकेट ने शोभायात्रा में चार चांद लगाए।
विश्व शांति के लिए धार्मिक आयोजन
महोत्सव से पहले एक सप्ताह तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विश्व शांति और कल्याण था। इन कार्यक्रमों में अखंड पाठ, जागरण, यज्ञ, भंडारा, रासलीला, 100 कुंडों का सुंदरकांड यज्ञ, श्री रामायण का पाठ और प्रवचन शामिल थे।
इस अवसर पर पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा , हरिद्वार विधायक मदन कौशिक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस आयोजन के लिए सराहना की। उन्होंने मां गंगा से सर्वसमाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।