बहरीन यूथ एशियन गेम्स: कबड्डी में उत्तराखंड के राहुल और भूमिका ने दिलाये देश को दो स्वर्ण

Listen to this article

हरिद्वार, 26 अक्तूबर। बहरीन में आयोजित तृतीय यूथ एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीमों के शानदार प्रदर्शन में उत्तराखंड के दो खिलाड़ियों- हरिद्वार के निरजंनपुर लकसर की भूमिका और ऊधम सिंह नगर के रूद्रपुर के राहुल सिंह बोरा ने अहम भूमिका निभाते हुए देश को बालक और बालिका दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

​उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन ने प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि बालिका वर्ग में भूमिका ने ऑलराउंडर के तौर पर और बालक वर्ग में राहुल बोरा ने लेफ्ट कॉर्नर के तौर पर खेलते हुए टीम की जीत में प्रमुख योगदान दिया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को एसोसिएशन की ओर से 2-2 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की।

​एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मेजर सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन ट्रायल एवं प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से किया गया था। राहुल बोरा और भूमिका ने अपनी सफलता का श्रेय एसोसिएशन, कोच और परिवार को दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि एसोसिएशन ने अपने संसाधनों के बलबूते खिलाड़ियों को तैयार किया। जिससे देश को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। हरिद्वार एसोसिएशन के संरक्षक बृजभूषण विद्यार्थी ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने शानदान प्रदर्शन से उत्तराखंड का मान बढ़ाया।

​इस अवसर पर एसोसिएशन ने राज्य सरकार से स्थाई कोच, प्रशिक्षक और हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की। प्रेसवार्ता में मेजर सिंह, जयपाल सिंह, नितिन राही, गौरव उपाध्याय, पंकज राही, एस.एन. राणा, विक्रमादित्य, सुमित कुमार, रवि कुमार, आशीष कुमार आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।