हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज  की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

मनसा देवी पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण को भारत सरकार से मिली मंजूरी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से मां मनसा देवी पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए भारत सरकार से मंजूरी मिल गई है। वर्षा और भू-स्खलन के कारण यह मार्ग कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गया था। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तत्परता दिखाते हुए राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से अनुमति हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया था, जिसकी 85वीं बोर्ड बैठक द्वारा राजाजी नेशनल पार्क रिजर्व वन क्षेत्र में कार्यों हेतु अनुमति प्रदान की गई है।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग को निर्देशित किया है कि पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम एवं सुरक्षित हो। अधिशासी अभियंता सिंचाई खण्ड ओमजी गुप्ता ने बताया कि क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण/मरम्मत कार्यों के लिए भारत सरकार से 156.48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग और पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण एवं कटाव को रोकने के उद्देश्य से हिल ट्रीटमेंट निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

जनसंघर्ष मोर्चा ने किया संगठन का विस्तार, भ्रष्टाचार का आरोप

हरिद्वार। जनसंघर्ष मोर्चा ने गीता मंदिर कनखल में आयोजित बैठक में अपने संगठन का विस्तार किया। गुलशन खत्री ने रमेश वर्मा को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष, रणवीर शर्मा को जिला उपाध्यक्ष, बिजेंद्र शीर्षवाल को जिला महामंत्री, डा.आरके वर्मा को जिला मीडिया प्रभारी, नवनीत शर्मा को युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष और नितिन कश्यप को युवा मोर्चा जिला महामंत्री मनोनीत किया।

​मोर्चा अध्यक्ष गुलशन खत्री ने कुंभ निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और गंगा घाटों के निर्माण में जनता के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। प्रवक्ता राजेश बादल ने विभागों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग की। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नवनीत शर्मा ने शहर में आवारा गायों की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से संज्ञान लेने को कहा।

सरस्वती विद्या मंदिर में ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम का आयोजन

हरिद्वार। भेल सेक्टर-2 स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम और शिक्षक अभिभावक बैठक का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डा.नीता (श्री राम मेडिकल कालेज निदेशिका), कार्यक्रम अध्यक्ष ज्योति रेखा सिंघल, डा.प्रियंका शर्मा और सप्तशक्ति संगम की जिला प्रमुख नेहा जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

​सप्तशक्ति संगम की जिला प्रमुख नेहा जोशी ने कहा कि प्रत्येक नारी में कीर्ति, श्री, वाणी, स्मृति, मेधा, धृति और क्षमा के रूप में सात दिव्य शक्तियां विद्यमान हैं, जिन्हें पहचानकर नारी परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाती है। मुख्य अतिथि डा.नीता ने कहा कि आज की नारी समाज, शिक्षा, चिकित्सा और नेतृत्व के हर क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा रही है। डा.प्रियंका शर्मा ने कुटुंब और पर्यावरण के बीच संतुलन की आवश्यकता पर बल दिया। अध्यक्षता कर रहीं ज्योति रेखा सिंघल ने सत्य, धैर्य, करुणा, सेवा और संयम को जागृत करने को जीवन का वास्तविक उद्देश्य बताया। महिलाओं ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन, शिक्षा प्रसार, संस्कार विकास और नारी सशक्तिकरण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।