हरिद्वार में अवैध LPG सिलेंडरों का भंडार, एक गिरफ्तार
हरिद्वार पुलिस ने भीड़भाड़ वाले रिहायशी क्षेत्र में चल रहे अवैध एलपीजी सिलेंडर के कारोबार का पर्दाफाश किया है। खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए, सिडकुल थाना क्षेत्र के रोशनपुरी, रावली महदूद स्थित अतीक अहमद के घर से लगभग 50-60 अवैध एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए।
आरोपी अतीक अहमद पुत्र नसरू निवासी गुजरेड़ी, मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) हाल पता रोशनपुरी, कोई वैध दस्तावेज़ या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और अतीक अहमद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सिलेंडरों का यह अवैध भंडारण किसी भी समय एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था।
युवक के अपहरण पर हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

बीते दिवस शाम बहादराबाद पुलिस को क्रिस्टल वर्ल्ड के पास से एक युवक के कार सवार युवकों द्वारा अपहरण किए जाने की सूचना मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए, एसएसपी के निर्देश पर पूरे जनपद में अलर्ट जारी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
बहादराबाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से मात्र 8 से 10 घंटे के भीतर ही हरिद्वार-मंगलौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पंजाब नंबर की स्विफ्ट कार (PB19W2229) समेत चार आरोपियों – अर्पित शर्मा, नितिन, जोगेंद्र उर्फ जुग्गन और हर्ष उर्फ हनी को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित के पिता अनिल कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने किया थाना पथरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद सुयाल ने रविवार को थाना पथरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, भोजनालय, बैरक, महिला हेल्प डेस्क तथा कार्यालय के अभिलेखों की जांच की।
एसपी देहात ने थाने में तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों को शस्त्र अभ्यास कराया और आपदा उपकरणों का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीएनएस सॉफ्टवेयर पर निरंतर कार्य करने, ऑनलाइन शिकायतों और चरित्र सत्यापन को निश्चित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही, लंबित माल मुकदमाती और लावारिस मालों के शीघ्र निस्तारण और नीलामी की प्रक्रिया पूरी करने के लिए भी मालखाना मोहर्रिर को निर्देशित किया। उन्होंने अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं और उच्चाधिकारियों द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में बढ़-चढ़कर रुचि लेने के निर्देश दिए।














