जिलाधिकारी ने हरिद्वार बस अड्डे का किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी (डीएम) मयूर दीक्षित ने हरिद्वार को स्वच्छ और क्लीन बनाने के मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में आज सुबह रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था बेहतर करने, खराब इलेक्ट्रॉनिक साइन बोर्ड को तुरंत ठीक करने और बस अड्डे को सुंदर बनाने के लिए रंग-रोगन करने के निर्देश दिए। डीएम ने अतिक्रमण हटाने और शौचालयों को साफ-सुथरा रखने के भी निर्देश दिए।
धर्मनगरी को स्वच्छ बनाने के लिए अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हरिद्वार को स्वच्छ, क्लीन और मॉडल जनपद बनाने के लक्ष्य के साथ, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर आज सभी तहसीलों और विकास खंडों के अधिकारी स्वयं धरातल पर उतरकर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। एसडीएम हरिद्वार ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की, जबकि एसडीएम भगवानपुर ने छुटमलपुर बॉर्डर का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
रुड़की और मंगलौर में चला विशेष सफाई अभियान
नगर निगम रुड़की के मुख्य नगर आयुक्त ने शेरपुर, मलकपुर चुंगी और रोडवेज बस अड्डा सहित कई क्षेत्रों में सफाई का निरीक्षण किया। उधर, ईओ नगर पालिका परिषद मंगलौर ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया। उन्होंने सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों को चेतावनी दी और रेहड़ी-ठेली वालों को डस्टबिन भी वितरित किए।
आपदा तैयारियों पर क्वांटम यूनिवर्सिटी, रुड़की में प्रशिक्षण कार्यक्रम
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज क्वांटम यूनिवर्सिटी, रुड़की में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाना और अधिकारियों व स्वयंसेवकों को आपदा से निपटने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार, तहसीलदार भगवानपुर श्री दयाराम और मास्टर ट्रेनर श्री मनोज कंडियाल सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।













