हरिद्वार संक्षिप्त:  हरिद्वार जनपद में आज की गतिविधियों की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

पर्यावरण मित्र संस्था ने किया घाट निर्माण के लिए पेड़ काटने का विरोध

हरिद्वार, 25 नवम्बर। गंग नहर पटरी पर सिंहद्वार से अमरापुर घाट तक नए घाट बनाए जाने की योजना के तहत सैकड़ों हरे भरे पेड़ काटने के विरोध में पर्यावरण मित्र संस्था के सदस्यों ने प्रदर्शन किया और इसे तुरंत रोकने की मांग की।

​संस्था के अध्यक्ष डा. संदीप कपूर और व्यापार मंडल के जिला महामंत्री प्रदीप कालरा ने कहा कि विकास के नाम पर पर्यावरण का विनाश नहीं होने दिया जाएगा, और आगाह किया कि यदि जागरूकता नहीं बढ़ी तो हरिद्वार का हाल भी दिल्ली-एनसीआर जैसा हो जाएगा।

​संस्था के महामंत्री संजय पंवार और संरक्षक नीलू खन्ना ने सरकार के दोहरे चरित्र पर सवाल उठाया, जिसने एक ओर पर्यावरण टैक्स लगाया है, वहीं दूसरी ओर हरिद्वार में पेड़ों को काटने की तैयारी कर रही है।

चिपको आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान संस्था ने निर्णय लिया कि यदि पेड़ काटने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो हरिद्वार में एक नया चिपको आंदोलन चलाया जाएगा और किसी भी कीमत पर हरे भरे पेड़ों को कटने नहीं दिया जाएगा।

नशीले कैप्सूल समेत तस्कर दबोचा

हरिद्वार, 25 नवम्बर। लकसर कोतवाली पुलिस ने मिशन ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 192 नशीले कैप्सूल बरामद हुए हैं।

​आरोपी की पहचान शाहरुख पुत्र शराफत निवासी ग्राम मौहल्ला ढाब सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज किया है और नशीले कैप्सूल के स्रोत की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है।

अंजुमन फ़रोग ए अज़ा ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

हरिद्वार, 25 नवम्बर। अंजुमन फ़रोग़ ए अज़ा और ब्लड वॉलिंटर्स टीम की ओर से इमामबाड़ा अहबाब नगर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पैगंबर मोहम्मद साहब की बेटी बीबी फ़ातिमा ज़हरा की शहादत (पुण्यतिथि) को याद करते हुए लगातार चौथे साल आयोजित किया गया है।

​संस्था के कोषाध्यक्ष सय्यद एहतेशाम अब्बास ज़ैदी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 41 यूनिट रक्त दान किया गया, जिसमें मुस्लिम युवाओं, महिलाओं के अलावा सर्वधर्म के रक्तवीरों ने भाग लेकर इंसानियत का फ़र्ज़ निभाया।

​संस्था के अध्यक्ष हैदर नक़वी ने बीबी फ़ातिमा ज़हरा के जीवन और शिक्षा के महत्त्व पर प्रकाश डाला। सचिव फ़िरोज़ ज़ैदी ने रक्तदान करने वालों का धन्यवाद किया और बताया कि इमाम बाड़ा अहबाब नगर में तीन दिन तक बीबी फ़ातिमा ज़हरा की शहादत को याद करते हुए मजलिस (शोक सभा) का भी आयोजन किया गया।