उत्तराखंड हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

सप्तऋषि आश्रम में महामना मालवीय की जयंती मनाई गई

हरिद्वार के सप्तऋषि आश्रम में सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा द्वारा भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय की 164वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. देशबंधु ने मालवीय जी के शैक्षिक योगदान और छुआछूत विरोधी आंदोलन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न राज्यों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

हरिद्वार लिटरेचर फेस्टिवल 2025 का भव्य शुभारंभ

भीमगोडा स्थित श्रीकृष्ण कृपा धाम में तीन दिवसीय ‘हरिद्वार लिटरेचर फेस्टिवल 2025’ का उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि साहित्य ने ही भारत को विश्वगुरु बनाया है। महोत्सव के दौरान ‘रीइमेजनिंग इंडियन लिटरेचर’ विषय पर शोध संगोष्ठी और युवाओं के लिए ओपन माइक सत्र आयोजित किए गए। फेस्टिवल निदेशक प्रो. श्रवण के. शर्मा ने बताया कि इसका उद्देश्य साहित्य की संस्कृति को जीवन से जोड़ना है।  विशिष्ट अतिथि विधायक मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य साहित्य का केन्द्र है और हरिद्वार शहर साहित्य और संस्कृति का बड़ा केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि साहित्य समारोह में शहर की संस्कृति पर भी चर्चा की जानी चाहिए ।

भाजपा कार्यालय में मनाया गया वीर बाल दिवस

भाजपा जिला कार्यालय में दसवें गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की शहादत की स्मृति में ‘वीर बाल दिवस’ मनाया गया। मुख्य वक्ता महंत जसविंदर सिंह शास्त्री और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने साहिबजादा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की वीरता को नमन किया। वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा सिक्ख विरासत के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों, जैसे करतारपुर कॉरिडोर और वीर बाल दिवस की घोषणा, की सराहना की।

बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा के लिए बजरंग दल का प्रदर्शन

राष्ट्रीय बजरंग दल ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में हरिद्वार में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ठाकुर विशाल सिंह राणा के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। संगठन ने मांग की है कि भारत सरकार कूटनीतिक स्तर पर कड़ा विरोध दर्ज कराए और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को उठाकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

कांग्रेस ने की अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग

महानगर कांग्रेस ने अंकिता हत्याकांड में वायरल हो रहे नए ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों के आधार पर वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने प्रेस क्लब में वार्ता करते हुए कहा कि मामले की जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच और आरोपियों का नार्को टेस्ट नहीं हुआ, तो कांग्रेस जन आंदोलन करेगी।